अल्मोड़ा-पातालदेवी क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर विकसित करने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल शुरू की है। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने शुक्रवार को पातालदेवी स्थित अल्मोड़ा हैंडलूम स्वयं सहायता समूह की उत्पादन इकाई का निरीक्षण किया और महिला बुनकरों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने महिला बुनकरों के कार्य में आ रही कठिनाइयों, कच्चे माल की उपलब्धता, उत्पादन तथा विपणन से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने हस्तकरघा उत्पादों के निर्माण और विपणन से जुड़ी गतिविधियों का भी जायजा लिया। जिलाधिकारी ने पातालदेवी क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों की संभावनाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र को पर्यटन कॉम्प्लेक्स के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से रुचि की अभिव्यक्ति (एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट) आमंत्रित की जाएगी। प्राप्त प्रस्तावों के आधार पर क्षेत्र में साहसिक पर्यटन के साथ अन्य पर्यटन एवं व्यावसायिक गतिविधियां शुरू करने की संभावनाओं पर विचार किया जाएगा।जिलाधिकारी ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य पातालदेवी क्षेत्र की पर्यटन संभावनाओं का बेहतर उपयोग करने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा करना है। इससे स्थानीय हस्तकरघा उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने और महिला स्वयं सहायता समूहों की आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को महिला बुनकरों की समस्याओं के समाधान के साथ क्षेत्र में पर्यटन विकास की संभावनाओं को लेकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, प्रभारी महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र शुभम तोमर सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *