अल्मोड़ा-कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य पर 210 करोड़ रुपये की कथित अवैध संपत्ति और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मजखाली और ताकुला में प्रदर्शन कर विरोध जताया। मजखाली में ब्लॉक अध्यक्ष राजेंद्र बिष्ट के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मंत्री का पुतला दहन किया और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। वहीं ताकुला में ब्लॉक अध्यक्ष बहादुर मेहता के नेतृत्व में पुतला फूंका गया। मजखाली में प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले किसी भी व्यक्ति पर गंभीर वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगने पर सरकार को पारदर्शिता के साथ जांच कर सच्चाई सामने रखनी चाहिए। ब्लॉक अध्यक्ष राजेंद्र बिष्ट ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार भ्रष्टाचार के मामलों में दोहरा रवैया अपना रही है। विपक्षी नेताओं पर आरोप लगते ही जांच एजेंसियां सक्रिय हो जाती हैं, जबकि सत्ता से जुड़े लोगों पर गंभीर आरोपों के बावजूद सरकार चुप्पी साधे रहती है। उन्होंने 210 करोड़ रुपये की कथित संपत्ति से जुड़े आरोपों की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि आरोप निराधार हैं तो तथ्यों के साथ स्थिति स्पष्ट की जाए और आरोप सही पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हो। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि जनता के धन और सरकारी व्यवस्था में किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पार्टी भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी लड़ाई गांव और बूथ स्तर तक ले जाएगी। मजखाली में प्रदर्शन के दौरान एससी प्रकोष्ठ अध्यक्ष मदनलाल, किशोर अधिकारी, मनोज वर्मा, कुंदन परिहार, ललित मेहता, पान सिंह, देवेंद्र सिंह, पूरन सिंह, शिव सिंह, प्रताप सिंह बजीठा, भीम सिंह और ललित बिष्ट सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *