










अल्मोड़ा-लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस पुलिस लाइन अल्मोड़ा में भव्य राष्ट्रीय एकता परेड का आयोजन किया गया।पुलिस महानिरीक्षक प्रशिक्षण/सीआईडी अनंत शंकर ताकवाले की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित परेड में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके भी मौजूद रहे।इस दौरान पुलिस जवानों ने आईजी को जनरल सलामी दी।इसके बाद उन्होंने परेड का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।शपथ के माध्यम से पुलिस अधिकारियों और जवानों ने देश की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने तथा राष्ट्र की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया।इस अवसर पर पुलिस विभाग में उत्कृष्ट सेवाओं एवं विशिष्ट कार्यों के लिए पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क से अलंकृत चार पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।सम्मानित होने वालों में एसएसपी चंद्रशेखर घोडके, निरीक्षक यातायात हयात सिंह,हेड कांस्टेबल पुष्पा देवी और हेड कांस्टेबल भवान सिंह शामिल रहे।आईजी अनंत शंकर ताकवाले ने सभी को बधाई देते हुए उनकी कर्तव्यनिष्ठा,समर्पण और उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की। परेड का नेतृत्व प्रथम परेड कमांडर सीओ अल्मोड़ा बलवंत सिंह रावत ने किया।परेड के बाद आईजी ने पुलिस लाइन के आवासीय परिसर,नवनिर्मित भवनों, जवानों की बैरकों, व्यायामशाला,आरओ प्लांट, सीपीसी कैंटीन,राशन शॉप और क्वार्टर गार्द का निरीक्षण किया।उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं के बेहतर संचालन और आवश्यक सुधार के लिए दिशा-निर्देश दिए।पुलिस लाइन सभागार में आयोजित जवान सम्मेलन में आईजी ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की व्यक्तिगत, सामूहिक और विभागीय समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान जवानों ने विभाग से संबंधित विभिन्न समस्याओं एवं सुझावों को उनके समक्ष रखा।आईजी ने समस्याओं के समाधान के लिए उचित मार्गदर्शन देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।सम्मेलन का संचालन सीओ रानीखेत भावना कैंथोला ने किया।कार्यक्रम में जनपद के समस्त पुलिस उच्चाधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष, पुलिस कार्यालय, पुलिस लाइन, संचार एवं अग्निशमन सेवा के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
