










अल्मोड़ा- नगर के अलेक्जेंडर गेट से कोतवाली तक सड़क सुधारीकरण की लंबे समय से चली आ रही मांग के बाद मंगलवार को करीब 210 मीटर सड़क पर पेंच वर्क का कार्य भूमि पूजन के बाद शुरू किया गया। सड़क की खराब स्थिति के चलते स्थानीय लोगों और राहगीरों को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या के समाधान के लिए पार्षद वैभव पांडे लगातार प्रयासरत थे। उन्होंने जिलाधिकारी अंशुल सिंह से कई बार मुलाकात कर सड़क की मरम्मत का अनुरोध किया था, जिसके बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर निर्माण कार्य शुरू हुआ।इसी बीच दीपावली के नजदीक आते ही क्षेत्र के व्यापारियों ने पार्षद वैभव पांडे से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं। व्यापारियों का कहना था कि अलेक्जेंडर गेट से कोतवाली तक का मार्ग बाजार का महत्वपूर्ण रास्ता है और दीपावली का त्योहार कारोबार की दृष्टि से बेहद अहम है। ऐसे समय में निर्माण कार्य के चलते आवागमन प्रभावित होने से ग्राहकों को दुकानों तक पहुंचने में परेशानी हो सकती है, जिसका सीधा असर व्यापार पर पड़ने की आशंका है।व्यापारियों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए पार्षद वैभव पांडे ने पर्यटन विभाग के अधिकारियों से वार्ता की। व्यापारियों के हितों और आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए फिलहाल निर्माण कार्य दीपावली तक स्थगित कराने का निर्णय लिया गया है। अब सड़क सुधारीकरण का कार्य दीपावली के बाद दोबारा शुरू कराया जाएगा, ताकि त्योहार के दौरान बाजार में आवागमन सुचारु बना रहे और व्यापारियों को अपने कारोबार में अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।पार्षद वैभव पांडे ने कहा कि सड़क का सुधारीकरण क्षेत्र की महत्वपूर्ण आवश्यकता है और इसके लिए लंबे समय से प्रयास किए जा रहे थे। जिलाधिकारी के निर्देश पर कार्य शुरू होना राहत की बात है, लेकिन दीपावली व्यापारियों के लिए साल का महत्वपूर्ण अवसर है। ऐसे में उनकी रोजी-रोटी और आम जनता की सुविधा का ध्यान रखना भी हमारी जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से पर्यटन विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर निर्माण कार्य दीपावली के बाद शुरू कराने का अनुरोध किया गया है।उन्होंने सड़क सुधारीकरण का कार्य शुरू कराने के लिए जिलाधिकारी अंशुल सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दीपावली के बाद निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने और सड़क को बेहतर बनाने के लिए प्रयास जारी रहेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि संबंधित विभाग समयबद्ध तरीके से गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करेगा।पार्षद ने क्षेत्र के व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों को दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनहित, व्यापारियों की सुविधा और क्षेत्र के विकास के बीच संतुलन बनाकर कार्य करना उनकी प्राथमिकता है।
