अल्मोड़ा- त्योहारों के दौरान नकली खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने और जिले की सीमाओं पर खाद्य पदार्थों की जांच की व्यवस्था करने की मांग को लेकर देवभूमि उद्योग नगर व्यापार मंडल ने मंगलवार को जिला मजिस्ट्रेट अंशुल सिंह को ज्ञापन सौंपा। व्यापार मंडल ने मांग की कि जिले की सीमाओं पर नकली खोया, पनीर और अन्य खाद्य पदार्थों की जांच के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जाए, ताकि मिलावटी खाद्य पदार्थों को जिले में प्रवेश करने से ही रोका जा सके। व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष संजय साह रिक्खू ने कहा कि मिठाई, रेस्टोरेंट और होटल कारोबारी पूरे साल त्योहारी सीजन का इंतजार करते हैं, क्योंकि इसी दौरान उनका अच्छा कारोबार होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि मिठाइयों की गुणवत्ता पर संदेह के आधार पर खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से दल-बल के साथ छापेमारी कर व्यापारियों को परेशान किया जाता है। उन्होंने कहा कि अब तक खाद्य सुरक्षा विभाग के पास ऐसा कोई मामला दर्ज होने की जानकारी नहीं है, जिससे यह साबित हो कि अल्मोड़ा में नकली खोया या पनीर जैसे पदार्थों का इस्तेमाल कर लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। व्यापारियों के पास खाद्य पदार्थों में मिलावट की जांच करने के लिए आवश्यक उपकरण भी उपलब्ध नहीं हैं। व्यापार मंडल ने मांग की कि त्योहारों को देखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए अभियान चलाया जाए और जांच में मिलावट पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। हालांकि, केवल संदेह के आधार पर कार्रवाई करने से स्थानीय व्यापार प्रभावित होता है। इससे सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा की पहचान मानी जाने वाली बाल मिठाई के कारोबार की छवि भी प्रभावित होने की आशंका है। ज्ञापन सौंपने वालों में व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष मनोज सिंह पवार, निकेश उपाध्याय, मदन रावत, हिमांशु बिष्ट, हरि कृष्ण खत्री, नीरज थापा, नमन गुरुरानी, सुधीर गुप्ता, हिमांशु कांडपाल, पूरन लटवाल, मनोज लटवाल, किशन नेगी, हरीश जोशी, संजय बिष्ट, धीरज खोलिया और गोविंद रावत सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *