











अल्मोड़ा-जनपद के प्रभारी प्रभारी सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडे ने आज क्वारब जोन में चल रहे सुरक्षात्मक कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति एवं वर्तमान स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्यों की अद्यतन जानकारी प्राप्त की तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों एवं कार्य पूर्ण होने की समयसीमा के संबंध में विस्तृत जानकारी ली।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि क्वारब जोन में वैली साइड (घाटी की ओर) किए जा रहे सुरक्षात्मक कार्य पूर्ण हो चुके हैं, जबकि हिल साइड (पहाड़ी की ओर) सुरक्षात्मक कार्य तीव्र गति से संचालित किए जा रहे हैं। प्रभारी सचिव ने मौके पर निर्माण कार्यों का अवलोकन करते हुए शेष कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।प्रभारी सचिव ने कहा कि क्वारब क्षेत्र में सड़क सुरक्षा एवं यातायात की सुगमता सुनिश्चित करना अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए तथा कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि कार्यों को इस प्रकार संपादित किया जाए कि आमजन एवं यात्रियों को न्यूनतम असुविधा हो तथा मार्ग पर सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनी रहे।उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ शेष सुरक्षात्मक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने तथा कार्यों की प्रगति की निरंतर समीक्षा करने के निर्देश दिए।इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग खंड रानीखेत एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित रहे।
