अल्मोड़ा-पुलिस लाइन सभागार में शुक्रवार को एसएसपी चंद्रशेखर घोडके की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी और पुलिस कर्मचारी सम्मेलन आयोजित किया गया। बैठक में आगामी विधानसभा सत्र और दीपावली पर्व के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने, अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं के निस्तारण और कानून-व्यवस्था की समीक्षा की गई। एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों को बाजारों में पुलिस की दृश्यता बढ़ाने और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर नियमित गश्त तथा पिकेट ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। आगामी विधानसभा सत्र को देखते हुए जनपद में सघन जांच और सत्यापन अभियान चलाने, संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने तथा होटल और रेस्तरां की नियमित जांच करने को कहा गया। दीपावली पर पटाखा बाजारों, संवेदनशील क्षेत्रों और भीड़भाड़ वाले स्थानों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए। अल्मोड़ा और रानीखेत के अग्निशमन केंद्रों को भी सतर्क रहने और पटाखा बाजारों तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अग्निशमन वाहन व आवश्यक उपकरण तैयार रखने को कहा गया। एसएसपी ने स्मैक, गांजा और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने, शराब तस्करी और अवैध भांग की खेती के खिलाफ भी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मादक पदार्थों से जुड़े मामलों में आर्थिक और वित्तीय पहलुओं की गहन जांच कर अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने तथा गैंगस्टर अधिनियम के तहत प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए गए। बैठक में लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण करने को कहा गया। महिला और नाबालिगों के विरुद्ध अपराधों तथा साइबर ठगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई कर पीड़ितों को राहत दिलाने के निर्देश भी दिए गए। बैठक के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों की व्यक्तिगत तथा विभागीय समस्याएं भी सुनी गईं। एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। एसएसपी ने सितंबर में प्रभावी पुलिसिंग, मानवीय कार्यों और सराहनीय योगदान के लिए भिकियासैंण चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक संजय जोशी सहित कुल 15 अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। बैठक में सीओ अल्मोड़ा बलवंत सिंह रावत, सीओ संचार राजीव कुमार टम्टा, मुख्य अग्निशमन अधिकारी नरेंद्र सिंह कुंवर सहित विभिन्न थानों, शाखाओं और पुलिस इकाइयों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *