








अल्मोड़ा-अल्मोड़ा में आयोजित सात दिवसीय जय गोल्ज्यू महोत्सव 2026 के प्रथम दिवस की संध्या भव्य स्टार नाइट और विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के नाम रही।महोत्सव में लोक संस्कृति,पारंपरिक लोकनृत्यों और संगीत की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।कार्यक्रम के माध्यम से उत्तराखंड सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों की समृद्ध लोक कला एवं सांस्कृतिक विरासत की आकर्षक झलक देखने को मिली।कार्यक्रम में जिलाधिकारी अल्मोड़ा अंशुल सिंह,विधायक अल्मोड़ा मनोज तिवारी,पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान,पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष प्रकाश जोशी एवं श्रीमती शोभा जोशी,सुशील शाह,केवल सती,भैरव गोस्वामी, भूपेन्द्र भोज,लता तिवारी, राधा बिष्ट सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।महोत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हरियाणा के बीन जोगी, कश्मीर के रऊफ तथा पश्चिम बंगाल के रायवंशी लोकनृत्यों की प्रस्तुतियों ने भारतीय लोक संस्कृति की विविधता को प्रदर्शित किया।वहीं हिमालयन लोक कला केंद्र, अल्मोड़ा द्वारा संध्यावली एवं छपेली की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दी गईं।प्रथम दिवस की स्टार नाइट में रोशन बनोला,रुचि आर्य एवं अमित गोस्वामी की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्साह और उमंग का वातावरण बनाया।इसके अतिरिक्त,प्रेमरार्थ कथक कला केंद्र द्वारा हेडिया लोकनृत्य की प्रस्तुति दी गई जिसने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।जय गोल्ज्यू महोत्सव का उद्देश्य लोक संस्कृति,पारंपरिक कलाओं और क्षेत्रीय विरासत को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान करना तथा नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना है।महोत्सव के प्रथम दिवस की प्रस्तुतियों ने आगामी कार्यक्रमों के प्रति भी दर्शकों में उत्साह का संचार किया।
