

अल्मोड़ा- कैंची धाम में लग रहे जाम से पहाड़ की यातायात व्यवस्था प्रभावित होने को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल की अल्मोड़ा इकाई की जिला कार्यालय में बैठक हुई। बैठक में कहा गया कि पहाड़ की लाइफ लाइन कहे जाने वाले मार्ग पर जाम के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि अल्मोड़ा से हल्द्वानी पहुंचने में 12 घंटे तक का समय लग रहा है। बैठक में कहा गया कि जाम के कारण अल्मोड़ा, रानीखेत, सोमेश्वर, बागेश्वर, कपकोट, थल, पिथौरागढ़, डीडीहाट और गढ़वाल मंडल सहित विभिन्न क्षेत्रों में राशन, साग-सब्जी, फल एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति प्रभावित हो रही है। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं के प्रभावित होने को गंभीर विषय बताया गया। उत्तराखंड क्रांति दल की अल्मोड़ा इकाई ने शासन-प्रशासन से समस्या का संज्ञान लेने की मांग की। दल ने कहा कि जब तक कोई ठोस विकल्प तैयार नहीं होता, तब तक कैंची धाम में ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था लागू कर दर्शन को अनिवार्य किया जाए। इसके साथ ही हल्द्वानी से शटल सेवा जारी करने की मांग की गई, ताकि राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगने वाले जाम से पहाड़ को राहत मिल सके। बैठक में केंद्रीय सचिव त्रिलोक सिंह लटवाल, जिला अध्यक्ष दिनेश जोशी, महानगर अध्यक्ष मोहित साह, सुजीत टम्टा, अक्षय कुमार, धीरज भैंसोड़ा, कमल सिंह, विजय पंत, दीपक सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
