


अल्मोड़ा-वन्य जीवों के रेस्क्यू एवं संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए नगर निगम अल्मोड़ा के पार्षद अमित साह मोनू एवं पार्षद अभिषेक जोशी को वन विभाग अल्मोड़ा की ओर से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।दोनों पार्षदों को यह सम्मान कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के हाथों प्रदान किया गया।पार्षद अमित साह मोनू एवं पार्षद अभिषेक जोशी लंबे समय से सामाजिक सेवा,आपदा राहत एवं रेस्क्यू कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। पिछले 15 वर्षों से अधिक समय से वे आपदा,अग्निकांड और दुर्घटनाओं के दौरान राहत एवं रेस्क्यू कार्यों में सहयोग करने के साथ ही सांपों एवं अन्य वन्य जीवों के रेस्क्यू,घायल वन्य जीवों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने तथा गौवंश के संरक्षण एवं उपचार जैसे कार्यों में लगातार योगदान दे रहे हैं।पार्षद अभिषेक जोशी भी वन्य जीव एवं पशु रेस्क्यू से जुड़े कार्यों में सक्रिय रूप से सहयोग करते रहे हैं। रेस्क्यू अभियानों के दौरान उन्होंने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घायल एवं संकट में फंसे वन्य जीवों तथा गौवंश को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कई मौकों पर दोनों पार्षदों ने आपसी समन्वय एवं टीम के साथ मिलकर रेस्क्यू अभियान चलाए हैं।वन्य जीवों के रेस्क्यू के दौरान उनकी प्राथमिकता लोगों के साथ-साथ वन्य जीवों की सुरक्षा सुनिश्चित करना रही है। घायल एवं असहाय गौवंश के उपचार,उन्हें सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने तथा जरूरत पड़ने पर संबंधित विभागों के सहयोग से उनके संरक्षण की दिशा में भी दोनों लगातार सक्रिय रहे हैं।वन विभाग की ओर से दिए गए इस सम्मान को उनके सामाजिक, पर्यावरणीय एवं जीव-जंतु संरक्षण से जुड़े कार्यों की सराहना के रूप में देखा जा रहा है।सम्मान मिलने पर स्थानीय लोगों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने दोनों पार्षदों को बधाई देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।इस अवसर पर पार्षद अमित साह मोनू एवं अभिषेक जोशी ने कहा कि सम्मान मिलने से सामाजिक कार्यों के प्रति जिम्मेदारी और बढ़ती है। उन्होंने कहा कि वन्य जीवों, गौवंश और जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए वे आगे भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करते रहेंगे।
