अल्मोड़ा-भैसियाछाना विकासखंड के अंतर्गत ग्राम पूनाकोट को स्टेट हाईवे पेटसाल-सेराघाट से जोड़ने वाली सड़क लंबे समय से अत्यंत खराब स्थिति में है। सड़क जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हो चुकी है जिसके कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की खराब स्थिति के चलते किसी भी समय गंभीर दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग का प्रतिदिन सैकड़ों लोगों द्वारा आवागमन के लिए उपयोग किया जाता है।स्कूली बच्चों,बुजुर्गों,महिलाओं तथा अन्य ग्रामीणों को भी इसी सड़क से होकर गुजरना पड़ता है।सड़क के सुधारीकरण को लेकर ग्रामीणों द्वारा पूर्व में भी कई बार संबंधित विभाग एवं अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों से मांग की गई,लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण ग्रामीणों में लगातार नाराजगी बनी हुई थी।ग्राम पूनाकोट में ग्रामीणों द्वारा लोकतांत्रिक तरीके से सांकेतिक धरना दिया गया। ग्रामीणों ने धरने का नेतृत्व करने के लिए उत्तराखंड क्रांति दल के नेता विनय किरोला को धरना स्थल पर आमंत्रित किया।धरने के माध्यम से ग्रामीणों ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से सड़क का शीघ्र सुधारीकरण किए जाने तथा सड़क को आवागमन के योग्य बनाए जाने की मांग की।धरने के दौरान विनय किरौला द्वारा संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर ग्रामीणों की समस्या को प्रमुखता से उनके समक्ष रखा गया।अधिकारियों के साथ हुई बातचीत के बाद सोमवार को अधिकारियों एवं ग्रामीणों के बीच सड़क की समस्या को लेकर संवाद होने की संभावना है।ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि इस संवाद के माध्यम से सड़क सुधारीकरण के लिए ठोस एवं सकारात्मक पहल होगी।ग्रामीणों ने एक स्वर में कहा कि पूनकोट सड़क मार्ग बनने के 6 माह में ही गड्डों से पट गया था,इसके अतिरिक्त पिछले साल बरसात से पूर्व सड़क के गड्डों को भरने के लिए किया गया पैच कार्य एक माह भी नहीं टिक पाया,इससे पता चलता है कि विकास कार्यो में भ्रष्टाचार किस क़दर हावी है,सड़क बनते ही गड्डों से भर जाती हैं,इसी निम्न गुणवत्ता वाली सड़के कैसे पास हो जाती हैं।ग्रामीणों ने कहा कि सड़क कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं,बल्कि क्षेत्र की मूलभूत आवश्यकता है,खराब सड़क के कारण यदि कोई दुर्घटना होती है तो उसकी जिम्मेदारी तय किया जाना भी आवश्यक होगा।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क की वास्तविक स्थिति का स्थलीय निरीक्षण कराकर शीघ्र आवश्यक मरम्मत एवं सुधारीकरण का कार्य प्रारंभ कराया जाए ताकि क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।विनय किरौला ने धरना स्थल से कार्यदायी संस्था आर डब्ल्यू डी के अधिशासी अभियंता से वार्ता कर शीघ्र सड़क के सुधारीकरण की मांग की।साथ ही चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सड़क सुधारीकरण का कार्य नहीं हुआ तो ग्रामीणों के साथ यूकेडी बड़ा जन आन्दोलन करेगी।धरना देने वालो में यूकेडी नेता विनय किरौला,संजय सिंह पूना, राजेश पूना,राजेंद्र पूना,किशन पूना,बलवंत मेहता,हरीश कुमार,राजू पूना आगरा वाले,चंदन पूना,प्रकाश पूना, दीवान पूना,जीवन कार्की, नवीन कुमार,इंद्रजीत कुमार , हरदा पूना,राजेंद्र मेहता, महेंद्र प्रसाद,अक्षय टम्टा सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *