अल्मोड़ा-भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा संचालित इंस्पायर अवार्ड मानक योजना के अंतर्गत जनपद अल्मोड़ा में विज्ञान एवं नवाचार को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है।जनपद के 460 विद्यालयों के 2160 छात्र-छात्राओं का नामांकन इंस्पायर अवार्ड मानक प्रतियोगिता के लिए कराया जा चुका है।इंस्पायर अवार्ड मानक का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच,रचनात्मकता,नवाचार एवं समस्या समाधान की क्षमता विकसित करना है। योजना के अंतर्गत कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थी अपने आसपास की सामाजिक एवं दैनिक जीवन से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए अभिनव विचार प्रस्तुत करते हैं।नामांकन के पश्चात चयनित विद्यार्थियों को अपने नवाचार को मॉडल या प्रोटोटाइप के रूप में विकसित करने के लिए ₹10,000 की प्रोत्साहन धनराशि भारत सरकार द्वारा प्रदान की जाती है।उत्कृष्ट नवाचारों को जिला,राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनी एवं प्रतियोगिताओं में प्रस्तुत करने का अवसर मिलता है।जिला समन्वयक इंस्पायर अवार्ड अल्मोड़ा विनोद राठौर ने बताया कि जिन विद्यालयों द्वारा अभी तक अपने छात्र-छात्राओं का नामांकन नहीं कराया गया है वे 15 सितंबर 2026 तक अनिवार्य रूप से अपने विद्यालय के पांच उच्च कोटि के नवाचार विचारों के पोर्टल पर अपलोड करें।उन्होंने बताया कि 15 सितंबर 2026 नामांकन की अंतिम तिथि है।सभी प्रधानाचार्यों एवं ब्लॉक इंस्पायर समन्वयकों से अपील की गई है कि अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना अपने विद्यालय के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के उत्कृष्ट एवं समाजोपयोगी नवाचारों का चयन कर निर्धारित समय सीमा के भीतर नवाचारों को अपलोड करना सुनिश्चित करें।जिला समन्वयक ने कहा कि विद्यार्थियों के स्थानीय समस्याओं पर आधारित छोटे-छोटे नवाचार भविष्य में समाज के लिए उपयोगी तकनीकी समाधान का रूप ले सकते हैं।इंस्पायर अवार्ड मानक विद्यार्थियों को समस्या पहचानने से लेकर उसके वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक समाधान तक सोचने का अवसर प्रदान करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *