

अल्मोड़ा-नगर के ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण एवं वार्डों के समग्र विकास को लेकर महापौर अजय वर्मा ने मंगलवार को दुगालखोला वार्ड का स्थलीय निरीक्षण किया।इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक एवं तकनीकी टीम के साथ विभिन्न विकास कार्यों का मौके पर जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान महापौर ने मां नंदा देवी विसर्जन स्थल स्थित पारंपरिक नौले के सौंदर्यीकरण एवं जीर्णोद्धार तथा समीपस्थ नाले के सुधारीकरण और सुदृढ़ीकरण कार्यों का निरीक्षण किया।उन्होंने संबंधित अभियंताओं को निर्देशित किया कि इन कार्यों की विस्तृत कार्ययोजना तत्काल तैयार कर प्रस्तुत की जाए ताकि निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जा सके।महापौर ने कहा कि नौले जैसे पारंपरिक जलस्रोत हमारी ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इनके संरक्षण के साथ-साथ क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाना भी नगर निगम की प्राथमिकता है।उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास कार्यों में गुणवत्ता,पारदर्शिता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।उन्होंने कहा कि नगर के प्रत्येक वार्ड में जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।स्थानीय लोगों की समस्याओं का मौके पर संज्ञान लेते हुए उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।इस दौरान स्थानीय पार्षद,नगर आयुक्त,सहायक नगर आयुक्त,अवर अभियंता, सफाई निरीक्षक सहित स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
