






अल्मोड़ा-नगर के कर्बला स्थित लेप्रोसी मिशन के किचन में बारिश का पानी आने की सूचना मिलने पर अल्मोड़ा रेडक्रॉस की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य किया।लगातार बारिश के बीच किचन की छत से पानी अंदर आने के कारण वहां रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।सूचना मिलते ही रेडक्रॉस के यूथ चेयरमैन अमित साह मोनू एवं स्वयंसेवक जगमोहन बिष्ट मौके पर पहुंचे।उन्होंने स्थिति का जायजा लेने के बाद छत से लगे पेड़ और उसकी टहनियों को हटाकर क्षेत्र की सफाई की।इसके बाद बारिश के पानी को अंदर आने से रोकने के लिए छत पर तिरपाल डालकर अस्थायी व्यवस्था तैयार की गई।रेडक्रॉस कार्यकर्ताओं ने बताया कि बारिश के दौरान किचन में पानी आने से भोजन बनाने और अन्य दैनिक कार्यों में दिक्कत हो रही थी। मौके पर पहुंचकर आवश्यक राहत कार्य किए जाने के बाद समस्या से काफी हद तक राहत मिली।इस दौरान मोनू साह और जगमोहन बिष्ट ने कहा कि आपदा अथवा बारिश से जुड़ी किसी भी आपात स्थिति में जरूरतमंदों तक तत्काल सहायता पहुंचाना रेडक्रॉस का प्रमुख उद्देश्य है।उन्होंने कहा कि आगे भी जरूरतमंद परिवारों और संस्थाओं की हरसंभव मदद जारी रखी जाएगी।स्थानीय लोगों ने भी रेडक्रॉस के इस त्वरित राहत कार्य की सराहना करते हुए टीम का आभार जताया।
