अल्मोड़ा-चंद्रशेखर घोडके वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा साइबर अपराधों की रोकथाम एवं आमजन को साइबर ठगी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा हरबन्स सिंह के मार्गदर्शन में सीओ अल्मोड़ा बलवन्त सिंह रावत व सीओ रानीखेत भावना कैंथोला के पर्यवेक्षण में दिनांक 24.08.2026 से एक सप्ताह तक जनपद में म्यूल खातों के विरूद्ध सघन सत्यापन अभियान चलाया गया।जिसमें I4C से प्राप्त सूचना के माध्यम से जनपद में संचालित संदिग्ध एवं अत्यधिक लेन-देन वाले बैंक खातों की सूचनाएं प्राप्त हुईं। प्राप्त सूचनाओं के आधार पर साइबर सेल अल्मोड़ा व संबंधित थानो द्वारा बैंकों एवं खाताधारकों से संपर्क स्थापित कर संदिग्ध खातों की गहन जांच,सत्यापन एवं सघन मॉनिटरिंग की गई। जांच के दौरान जनपद के विभिन्न बैंकों में संचालित 9 बैंक खाते म्यूल अकाउंट पाए गए।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा के निर्देशन में संबंधित थाना पुलिस द्वारा उक्त खातों से संबंधित आवश्यक जानकारी एकत्रित करते हुए खाताधारकों को चिन्हित किया गया तथा उनके विरुद्ध संबंधित थाने पर अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।म्यूल अकाउंट वह बैंक खाता होता है, जिसका उपयोग साइबर अपराधियों द्वारा ठगी से प्राप्त धनराशि को प्राप्त करने, दूसरे खातों में पैसा ट्रांसफर करने अथवा धनराशि छिपाने के लिए किया जाता है।अल्मोड़ा पुलिस ने अपील की है कि अपने बैंक खाते,एटीएम कार्ड,ओटीपी,पासवर्ड एवं अन्य गोपनीय जानकारियां किसी के साथ साझा न करें।अपना बैंक खाता,एटीएम कार्ड या मोबाइल सिम किसी अन्य व्यक्ति को उपयोग के लिए न दें।किसी भी प्रकार के आसान कमाई अथवा लाभ के प्रलोभन में आकर अपना बैंक खाता किसी अन्य के उपयोग हेतु उपलब्ध न कराएं।अज्ञात कॉल, लिंक, मैसेज एवं सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले प्रलोभनों से सतर्क रहें।साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन-1930 पर सूचना दें और समय रहते शिकायत दर्ज कराएं।यदि कोई व्यक्ति आपको कमीशन या अन्य किसी लाभ का प्रलोभन देकर आपका बैंक खाता धनराशि प्राप्त करने अथवा भेजने के लिए मांगता है तो ऐसे व्यक्ति की सूचना तत्काल अपने नजदीकी पुलिस थाने या साइबर सेल को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *