






देहरादून-भाजपा नेता एवं पूर्व दर्जा मंत्री बिट्टू कर्नाटक ने देहरादून में उत्तराखंड सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री एवं अल्मोड़ा जनपद प्रभारी मंत्री डॉ. धन सिंह रावत से मुलाकात कर अल्मोड़ा जनपद से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों के साथ-साथ उच्च शिक्षा और युवाओं से संबंधित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। इस मुलाकात के दौरान कर्नाटक ने अल्मोड़ा की शिक्षा व्यवस्था,उच्च शिक्षण संस्थानों में आवश्यक सुविधाओं के विस्तार, विद्यार्थियों की समस्याओं तथा युवाओं को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने सहित विभिन्न विषयों को प्रभारी मंत्री के समक्ष रखा।कर्नाटक ने कहा कि पहाड़ के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए मैदानी क्षेत्रों की ओर पलायन न करना पड़े इसके लिए स्थानीय शिक्षण संस्थानों को मजबूत किया जाना आवश्यक है।बिट्टू कर्नाटक ने अल्मोड़ा जनपद की विभिन्न विकासात्मक आवश्यकताओं एवं जनसमस्याओं से भी प्रभारी मंत्री डॉ. धन सिंह रावत को अवगत कराया।उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा ऐतिहासिक एवं शैक्षणिक दृष्टि से महत्वपूर्ण जनपद है और यहां शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, रोजगार तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं के क्षेत्र में लगातार प्रभावी प्रयास किए जाने की आवश्यकता है।इस अवसर पर डॉ. धन सिंह रावत ने कर्नाटक द्वारा उठाए गए विषयों को गंभीरता से सुना तथा जनपद से जुड़े मुद्दों पर आवश्यक कार्यवाही का भरोसा दिया।दोनों के बीच प्रदेश सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने और विकास कार्यों को गति देने को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ।मुलाकात के बाद बिट्टू कर्नाटक ने कहा कि अल्मोड़ा की जनता से जुड़े विषयों को सरकार और शासन के समक्ष निरंतर उठाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनपद के विकास और युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जाएंगे।
