अल्मोड़ा-जिला अस्पताल में पिछले करीब दो माह से फिजिशियन की तैनाती नहीं होने से मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस महामंत्री संगठन वैभव पांडे ने भाजपा नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि जिला अस्पताल में फिजिशियन की नियुक्ति को लेकर भाजपा के आधा दर्जन से अधिक नेताओं ने जनता से एक सप्ताह के भीतर चिकित्सक की तैनाती का वादा किया था, लेकिन यह समय सीमा बीतने के बाद भी अस्पताल में फिजिशियन की नियुक्ति नहीं हो सकी है।वैभव पांडे ने कहा कि भाजपा नेताओं द्वारा लगातार जिला अस्पताल को लेकर बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, लेकिन धरातल पर स्थिति इसके बिल्कुल विपरीत है। एक सप्ताह में फिजिशियन की नियुक्ति का दावा करने वाले भाजपा नेताओं के बयान अब महज कोरे शब्द साबित हो रहे हैं। दो माह से फिजिशियन का पद रिक्त होने के बावजूद मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध नहीं हो पा रही है।उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल पर्वतीय क्षेत्र की बड़ी आबादी के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में यहां फिजिशियन जैसे महत्वपूर्ण विशेषज्ञ चिकित्सक का लंबे समय तक न होना गंभीर चिंता का विषय है। मरीजों को छोटी-बड़ी बीमारियों के उपचार के लिए अन्य अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा नेता बयानबाजी और श्रेय लेने की राजनीति करने के बजाय जनता को यह बताएं कि फिजिशियन की नियुक्ति आखिर कब तक होगी। उन्होंने कहा कि यदि सरकार और शासन वास्तव में जिला अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर गंभीर हैं तो तत्काल फिजिशियन की नियुक्ति की जाए।वैभव पांडे ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही जिला अस्पताल में फिजिशियन की नियुक्ति नहीं की गई तो कांग्रेस जनता के साथ मिलकर आंदोलन का रास्ता अपनाएगी।उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधा पर अब आश्वासन नहीं, बल्कि तत्काल कार्रवाई चाहिए।जनता की परेशानी को देखते हुए कांग्रेस इस मुद्दे को मजबूती से उठाएगी और आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा।उन्होंने कहा कि करीब एक सप्ताह पूर्व भाजपा नेताओं ने स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात एवं वार्ता का दावा कर प्रेस वार्ता कर स्पष्ट रूप से दावा किया था कि एक सप्ताह के भीतर जिला अस्पताल में फिजिशियन की नियुक्ति निश्चित रूप से हो जाएगी, लेकिन आज तक न तो फिजिशियन की नियुक्ति हुई और न ही मरीजों को राहत मिली। वैभव पांडे ने कहा कि भाजपा नेताओं की यह घोषणा भी पूर्व के आश्वासनों की तरह महज कोरी और झूठी घोषणा साबित हुई है। जनता को आश्वासन नहीं, बल्कि जिला अस्पताल में तत्काल फिजिशियन चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *