




अल्मोड़ा-उत्तराखंड क्रांति दल के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा वरिष्ठ एवं सक्रिय नेता दिनेश कुंजवाल को दल का केंद्रीय उपाध्यक्ष मनोनीत किए जाने पर उत्तराखंड क्रांति दल के अल्मोड़ा जनपद सहित पूरे कुमाऊँ में कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर है।दल के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती द्वारा जारी मनोनयन पत्र के पश्चात कार्यकर्ताओं ने कुंजवाल को बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।इस अवसर पर उत्तराखंड क्रांति दल के जिलाध्यक्ष अल्मोड़ा दिनेश जोशी ने केंद्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दिनेश कुंजवाल को केंद्रीय उपाध्यक्ष जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दिया जाना उनके संगठन के प्रति समर्पण,संघर्षशीलता और जनसरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता का सम्मान है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व का यह निर्णय संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती प्रदान करेगा तथा आने वाले समय में उत्तराखंड के ज्वलंत मुद्दों को और अधिक प्रभावी ढंग से उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। जोशी ने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल केवल एक राजनीतिक दल नहीं बल्कि उत्तराखंड की अस्मिता,जल-जंगल-जमीन, रोजगार, पलायन, शिक्षा, स्वास्थ्य और पहाड़ के सम्मान की लड़ाई का आंदोलन है। दिनेश कुंजवाल जैसे जुझारू एवं समर्पित कार्यकर्ता को केंद्रीय जिम्मेदारी मिलने से संगठनात्मक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी और दल को गांव-गांव तक मजबूत करने में सहायता मिलेगी।उन्होंने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल का प्रत्येक कार्यकर्ता केंद्रीय नेतृत्व के साथ कंधे से कंधा मिलाकर संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेगा।आने वाले समय में दल को बूथ स्तर से लेकर जिला एवं प्रदेश स्तर तक और अधिक मजबूत किया जाएगा तथा जनहित के मुद्दों को लेकर संघर्ष को व्यापक रूप दिया जाएगा।नवनियुक्त केंद्रीय उपाध्यक्ष दिनेश कुंजवाल जी ने भी केंद्रीय नेतृत्व एवं समस्त कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी द्वारा जो विश्वास एवं जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है,उसका वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन करेंगे।उन्होंने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने तथा संगठन को मजबूत करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर कार्य करना होगा। उन्होंने पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता से आह्वान किया कि वे आपसी मतभेदों को पीछे छोड़कर उत्तराखंड के हित और संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर संघर्ष करें।उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं को रोजगार,पहाड़ में बेहतर शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाएं, पलायन पर प्रभावी रोक, स्थानीय संसाधनों पर उत्तराखंडवासियों का अधिकार और प्रदेश की स्थायी राजधानी गैरसैंण सहित जनभावनाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल का संघर्ष आगे भी निरंतर जारी रहेगा।इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री गिरिश नाथ गोस्वामी,केंद्रीय संयुक्त सचिव त्रिलोक लटवाल,विनय किरोला, मोहित साह,पान सिंह,पंकज कपकोटी,राजेंद्र मेलकानी, देवेश जोशी,दीवान बनैला, अभिषेक बनैला,सुजीत,चंदन सिंह,गणेश सिंह सहित अनेक केंद्रीय,जिला एवं विधानसभा स्तर के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने दिनेश कुंजवाल को केंद्रीय उपाध्यक्ष बनाए जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।सभी कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय नेतृत्व, विशेष रूप से केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि दिनेश कुंजवाल के नेतृत्व एवं सक्रिय सहभागिता से उत्तराखंड क्रांति दल को नई मजबूती मिलेगी और पार्टी आगामी समय में उत्तराखंड के जनहित के मुद्दों को और अधिक मुखरता एवं प्रभावी ढंग से उठाएगी।
