


अल्मोड़ा-सोशल मीडिया पर अपनी अभिनव प्रतिभा और तकनीकी कौशल के चलते चर्चित हुए अल्मोड़ा निवासी रवि टम्टा से 13 अगस्त को उत्तराखंड ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय की टीम ने शिष्टाचार भेंट की।रवि टम्टा द्वारा तैयार की गई फ्लाइंग कार इन दिनों सोशल मीडिया पर काफी चर्चा का विषय बनी हुई है। उनकी इस रचनात्मक एवं अभिनव उपलब्धि को देखते हुए उत्तराखंड ग्रामीण बैंक की ओर से उन्हें सम्मानित किया गया।इस अवसर पर बैंक अधिकारियों ने रवि टम्टा की प्रतिभा और मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि स्थानीय स्तर पर सीमित संसाधनों के बावजूद इस तरह का नवाचार युवाओं की रचनात्मक क्षमता और तकनीकी सोच को प्रदर्शित करता है। बैंक की ओर से रवि टम्टा के पिता हरीश राम एवं माता को भी सम्मानित किया गया।बैंक अधिकारियों ने रवि टम्टा से उत्तराखंड ग्रामीण बैंक से जुड़ने का आग्रह किया। साथ ही उन्हें आश्वस्त किया गया कि भविष्य में उनके नवाचार एवं तकनीकी कार्य को आगे बढ़ाने के लिए किसी भी प्रकार की वित्तीय सहायता की आवश्यकता होने पर बैंक की ओर से हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि प्रतिभाशाली युवाओं को प्रोत्साहित करना और उन्हें आर्थिक रूप से सक्षम बनाने में सहयोग देना बैंक की प्राथमिकताओं में शामिल है।इसी क्रम में 13 अगस्त को उत्तराखंड ग्रामीण बैंक की शैल एनटीडी शाखा में शाखा प्रबंधक तेज कृष्ण सिंह द्वारा रवि टम्टा का बचत खाता भी खोला गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में शाखा प्रबंधक तेज कृष्ण सिंह का विशेष सहयोग रहा।इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रबंधक विजय आर्य, जलाल पांडे, सुनील आर्य, नेहा दरियाल सहित शाखा प्रबंधक तेज कृष्ण सिंह मौजूद रहे। बैंक अधिकारियों ने रवि टम्टा को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके नवाचार को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
