अल्मोड़ा- बावन सीढ़ी क्षेत्र में लगाए गए गेट को हटाने की चर्चा के बीच स्थानीय लोगों का विरोध सामने आया। क्षेत्रवासियों और पार्षद ने मेयर से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपते हुए गेट को यथावत रखने की मांग की। उनका कहना था कि गेट लगने के बाद क्षेत्र में अनावश्यक आवाजाही पर नियंत्रण हुआ है और सुरक्षा व्यवस्था पहले की तुलना में बेहतर हुई है। मेयर के साथ हुई बैठक में लोगों ने स्पष्ट किया कि गेट हटाए जाने से क्षेत्र की सुरक्षा प्रभावित होगी। स्थानीय नागरिकों की आपत्तियों को सुनने के बाद फिलहाल गेट नहीं हटाने पर सहमति बनी। तय किया गया कि गेट प्रतिदिन सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक बंद रहेगा, जबकि आवश्यकता पड़ने पर इसके बाद खोला जा सकेगा। क्षेत्रवासियों ने निर्णय पर संतोष जताते हुए कहा कि इससे सुरक्षा व्यवस्था बनी रहेगी। हालांकि उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जिस गेट को सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक माना जा रहा है, उसे हटाने का प्रस्ताव आखिर क्यों सामने आया। फिलहाल गेट को लेकर विवाद शांत होता दिखाई दे रहा है, लेकिन लोगों ने भविष्य में भी इस संबंध में किसी एकतरफा निर्णय का विरोध करने की बात कही। ज्ञापन पर पार्षद अर्जुन बिष्ट चीमा,पार्षद संजय जोशी, पार्षद राहुल जोशी,मनोज सनवाल, अमित उप्रेती, बीना तिवारी, मुन्नी तिवारी, सुंदर खड़ाई, शशि जोशी, मीना बेदी, लता कपूर, प्रेम उप्रेती, घनश्याम लोहनी, दीपक जोशी, देवेंद्र भट्ट, मनोज भंडारी, दीपा अधिकारी, संजय जोशी सहित अनेक स्थानीय नागरिकों के हस्ताक्षर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *