अल्मोड़ा-उत्तराखण्ड क्रांति दल के जिला कार्यालय अल्मोड़ा में आज जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र से पार्टी में सम्मिलित हुए दिनेश कुंजवाल का पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया गया।इस अवसर पर आयोजित प्रेस वार्ता में कुंजवाल ने उत्तराखण्ड के व्यापक जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर अपनी बात प्रमुखता से रखी।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए दिनेश कुंजवाल ने कहा कि उत्तराखण्ड के मूल निवासियों के अधिकारों की रक्षा के लिए मूल निवास, धारा 371 के प्रावधान,स्थायी राजधानी गैरसैंण जैसे विषयों पर ठोस एवं निर्णायक पहल आवश्यक है।उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण की मूल भावना तभी सार्थक होगी,जब उत्तराखण्ड के युवाओं, कर्मचारियों,महिलाओं, किसानों और आम जनता के हितों को प्राथमिकता मिले।
उन्होंने प्रदेश की स्वास्थ्य एवं शिक्षा व्यवस्था की स्थिति, ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों की बदहाली,अनिवार्य चकबंदी,अतिथि शिक्षकों को स्थायी नियुक्ति तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को स्थायी रोजगार दिए जाने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया।उन्होंने कहा कि पहाड़ की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए स्वास्थ्य,शिक्षा और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।उन्होंने स्पष्ट कहा कि उत्तराखण्ड की जनता लंबे समय से अपने मूलभूत अधिकारों और स्थायी समाधान की मांग कर रही है तथा उत्तराखण्ड क्रांति दल इन जनमुद्दों को मजबूती के साथ जनता के बीच लेकर जाएगा।इस अवसर पर जिलाध्यक्ष उत्तराखण्ड क्रांति दल अल्मोड़ा ने केंद्रीय नेतृत्व की ओर से प्राप्त पत्र के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव के लिए इच्छुक प्रत्याशी जिला कार्यालय से आवेदन पत्र प्राप्त कर अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि अब तक अल्मोड़ा जिला कार्यालय से कुल 8 आवेदन पत्र लिए जा चुके हैं जिससे विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं एवं संभावित प्रत्याशियों में उत्साह स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।जिलाध्यक्ष ने कहा कि उत्तराखण्ड क्रांति दल आगामी विधानसभा चुनाव में संगठन को मजबूत करते हुए जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देगा और उत्तराखण्ड की अस्मिता, अधिकारों एवं विकास के लिए संघर्ष को और तेज करेगा।इस अवसर पर जिलाध्यक्ष दिनेश जोशी, गिरीश नाथ गोस्वामी, विनय किरौला सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
