अल्मोड़ा-भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी अल्मोड़ा द्वारा पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से रविवार प्रातः एक वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। समाजसेवा और मानव कल्याण के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहने वाली रेडक्रॉस सोसाइटी ने इस बार प्रकृति संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिलाधिकारी आवास के निकट खाली भूमि पर विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया।अभियान के दौरान देवदार,बांज,नींबू, कढ़ीपत्ता सहित अनेक उपयोगी एवं पर्यावरण के लिए महत्वपूर्ण पौधे लगाए गए।उपस्थित सदस्यों ने पौधरोपण के साथ ही उनके संरक्षण और नियमित देखभाल का भी संकल्प लिया।वक्ताओं ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण को संतुलित रखने का माध्यम नहीं हैं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, जल संरक्षण और जैव विविधता का आधार भी हैं। ऐसे अभियानों से समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ती है और अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने रेडक्रॉस सोसाइटी के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।यदि प्रत्येक नागरिक वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले तो हरित उत्तराखंड का सपना आसानी से साकार किया जा सकता है।उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि सतत जनभागीदारी का अभियान होना चाहिए।
रेडक्रॉस के प्रांतीय उपाध्यक्ष मनोज सनवाल ने कहा कि रेडक्रॉस सोसाइटी हमेशा मानव सेवा के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाती रही है।वृक्षारोपण अभियान भी इसी कड़ी का हिस्सा है जिसका उद्देश्य प्रकृति को संरक्षित करना और लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक बनाना है।इस अवसर पर रेडक्रॉस चेयरमैन आशीष वर्मा,यूथ रेडक्रॉस चेयरमैन अमित साह मोनू,डॉ. जे.सी. दुर्गापाल,नामित पार्षद कृष्ण बहादुर सिंह,पार्षद अभिषेक जोशी,पवन साह,रेडक्रॉस के वरिष्ठ सदस्य अनूप साह, राजेश खोलिया,अमन नगरकोटी,अरविंद जोशी सहित अनेक पदाधिकारी एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।सभी ने पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान को निरंतर जारी रखने और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *