


अल्मोड़ा-अल्मोड़ा नगर के विकास एवं पथ प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए राज्य सरकार द्वारा 5 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि जारी किए जाने पर भाजपा निकाय प्रकोष्ठ ने हर्ष व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया है।भाजपा निकाय प्रकोष्ठ के अनुसार नगर निगम अल्मोड़ा क्षेत्र में पलटन बाजार से कोतवाली तक मार्ग के सौंदर्यीकरण,पथ प्रकाश एवं अवस्थापना कार्यों के लिए 4 करोड़ 66 लाख रुपये तथा नगर क्षेत्र में 200 सोलर लाइटें स्थापित करने के लिए 35 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।जिला निकाय प्रकोष्ठ के संयोजक एवं पार्षद अमित साह मोनू ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अल्मोड़ा के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी नई विकास परियोजनाओं की स्वीकृति मिलने से नगर के विकास को नई गति मिलेगी।भाजपा निकाय प्रकोष्ठ के प्रदेश सहसंयोजक कैलाश गुरुरानी ने कहा कि सरकार ने विकसित,स्वच्छ और सुंदर अल्मोड़ा की परिकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से नगर निगम का गठन किया है और उसी दिशा में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।उन्होंने कहा कि जारी धनराशि से नगर की आधारभूत सुविधाओं और प्रकाश व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार होगा।भाजपा निकाय प्रकोष्ठ ने दोनों विकास कार्यों के लिए धनराशि स्वीकृत कराने में अल्मोड़ा के महापौर अजय वर्मा के प्रयासों की भी सराहना की।प्रकोष्ठ ने उम्मीद जताई कि सरकार भविष्य में भी अल्मोड़ा के विकास कार्यों के लिए इसी प्रकार उदारतापूर्वक धनराशि उपलब्ध कराती रहेगी।इस अवसर पर प्रदेश सहसंयोजक कैलाश गुरुरानी,जिला संयोजक एवं पार्षद अमित साह मोनू,जिला सहसंयोजक एवं पार्षद श्याम पांडे तथा सहसंयोजक एवं पार्षद वंदना वर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों ने सरकार का आभार व्यक्त किया।
