अल्मोड़ा-सिद्धपुर वार्ड में लंबे समय से बनी हुई सीवर की समस्या के समाधान की दिशा में पहल करते हुए वार्ड पार्षद गुंजन सिंह चम्याल ने शनिवार को नगर निगम एवं जल संस्थान के अधिकारियों के साथ संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से भी समस्याओं की जानकारी प्राप्त की।संयुक्त निरीक्षण में नगर निगम के कनिष्ठ अभियंता रावेंद्र सिंह,सफाई निरीक्षक अंकित कुमार,जल संस्थान के कनिष्ठ अभियंता अंशु कांडपाल तथा हेड फिटर अजय कुमार मौजूद रहे।अधिकारियों ने वार्ड के विभिन्न स्थानों पर सीवर लाइन की स्थिति का निरीक्षण कर तकनीकी पहलुओं का भी परीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान पार्षद गुंजन सिंह चम्याल ने कहा कि सीवर की समस्या के कारण स्थानीय लोगों को लंबे समय से भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है जिससे लोगों के स्वास्थ्य और स्वच्छता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के लिए सीवर लाइन की मरम्मत एवं आवश्यक सुधार कार्य बिना किसी विलंब के प्रारंभ किए जाएं।अधिकारियों ने मौके पर आवश्यक तकनीकी निरीक्षण कर शीघ्र कार्यवाही का भरोसा दिलाया।उन्होंने बताया कि प्रभावित स्थानों पर प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत एवं सुधार कार्य कराया जाएगा ताकि वार्डवासियों को जल्द से जल्द राहत मिल सके।पार्षद गुंजन सिंह चम्याल ने कहा कि वार्ड की मूलभूत समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है और जनता की सुविधा के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर लगातार कार्य किया जाएगा।उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *