

अल्मोड़ा-ग्राम सभा सरकार की आली में ग्राम प्रधान पारू उप्रेती के नेतृत्व एवं आमंत्रण पर महिला सशक्तिकरण एवं ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक जागरूकता एवं संगठनात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में राज्य महिला उद्यमिता परिषद उत्तराखण्ड की उपाध्यक्ष गंगा बिष्ट ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया।कार्यक्रम के दौरान ग्राम की महिलाओं ने श्रीमती गंगा बिष्ट का पारंपरिक रूप से स्वागत एवं सम्मान किया। इस अवसर पर महिला स्वयं सहायता समूहों एवं महिला मंगल दलों के गठन की प्रक्रिया प्रारम्भ की गई तथा महिलाओं को संगठित होकर स्वरोजगार एवं आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।अपने संबोधन में गंगा बिष्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड सरकार महिला सशक्तिकरण,स्वरोजगार एवं ग्रामीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का प्रभावी माध्यम हैं और सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को रोजगार एवं उद्यमिता से जोड़ने का कार्य कर रही है। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाकर अपने परिवार एवं गाँव की आर्थिक उन्नति में योगदान दें।कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा महिलाओं को सरकारी योजनाओं, स्वरोजगार,कौशल विकास,आजीविका संवर्धन तथा समूह आधारित वित्तीय सहायता से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही समूहों के माध्यम से उपलब्ध योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया भी समझाई गई।इस अवसर पर गंगा आर्या, रमेश कांडपाल, रीप के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर नीरज तथा कमला जोशी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं ने भाग लेकर महिला सशक्तिकरण एवं आत्मनिर्भरता के संकल्प को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।ग्रामीण महिलाओं ने ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों को नियमित रूप से आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि इससे महिलाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी मिलने के साथ-साथ स्वरोजगार के नए अवसर भी प्राप्त होंगे।
