अल्मोड़ा-उत्तराखंड सरकार में दर्जा राज्यमंत्री कुंदन लटवाल ने मंगलवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज अल्मोड़ा स्थित बेस चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर अस्पताल की व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर भर्ती मरीजों से मुलाकात की,उनका हालचाल जाना और उपचार व्यवस्था, दवाइयों की उपलब्धता तथा अस्पताल में मिल रही सुविधाओं के संबंध में सीधे फीडबैक लिया।उन्होंने मरीजों के तीमारदारों से भी बातचीत कर उनकी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना तथा भरोसा दिलाया कि जनहित से जुड़े प्रत्येक मुद्दे पर प्राथमिकता के साथ कार्य किया जाएगा।निरीक्षण के दौरान दर्जा राज्यमंत्री ने अस्पताल में कार्यरत चिकित्सकों,नर्सिंग स्टाफ और कर्मचारियों से भी संवाद किया।उन्होंने अस्पताल संचालन में आने वाली चुनौतियों,संसाधनों की आवश्यकता तथा स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के संबंध में विस्तृत चर्चा की।उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को जनसामान्य तक बेहतर ढंग से पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है और चिकित्सा संस्थानों को आधुनिक सुविधाओं से सशक्त बनाया जा रहा है।कुंदन लटवाल ने कहा कि किसी भी अस्पताल की वास्तविक स्थिति का आकलन तभी संभव है जब मरीजों और उनके परिजनों से सीधे संवाद किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा केवल योजनाएं बनाना नहीं,बल्कि उनका प्रभाव धरातल पर दिखाई देना भी है।इसी उद्देश्य से समय-समय पर स्वास्थ्य संस्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का मूल्यांकन किया जा रहा है, ताकि जहां भी सुधार की आवश्यकता हो,वहां तत्काल आवश्यक कदम उठाए जा सकें।निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल प्रशासन द्वारा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद चिकित्सक और कर्मचारी पूरी निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए टीमवर्क,अनुशासन और संवेदनशीलता सबसे महत्वपूर्ण हैं।दर्जा राज्यमंत्री ने अधिकारियों को अस्पताल परिसर में स्वच्छता बनाए रखने,मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने, आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा मरीजों और उनके परिजनों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि अस्पताल आने वाला प्रत्येक व्यक्ति सम्मानजनक व्यवहार और गुणवत्तापूर्ण उपचार का अधिकारी है तथा इस दिशा में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सी. पी. भैसोड़ा तथा डॉ. अनिल पांडे ने अस्पताल की वर्तमान व्यवस्थाओं,उपलब्ध संसाधनों,चल रही स्वास्थ्य सेवाओं तथा भविष्य की आवश्यकताओं की जानकारी दर्जा राज्यमंत्री को दी।उन्होंने बताया कि मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जा रहा है।दर्जा राज्यमंत्री ने अस्पताल प्रशासन को भरोसा दिलाया कि स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए आवश्यक विषयों को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जाएगा ताकि आमजन को और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण,सुलभ और भरोसेमंद स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है तथा इसी उद्देश्य के साथ स्वास्थ्य क्षेत्र में निरंतर सुधार की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सदस्य,क्षेत्र पंचायत सदस्य,ग्राम प्रधान सहित विभिन्न स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।सभी ने अस्पताल की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और जनहित में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए अपने सुझाव भी साझा किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *