अल्मोड़ा-भारतीय जनता पार्टी के नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट ने कांग्रेस द्वारा नव नियुक्त शिक्षकों को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम पर लगाए गए आरोपों को निराधार,भ्रामक एवं राजनीतिक हताशा का परिचायक बताया है।उन्होंने कहा कि शिक्षकों की नियुक्ति पूरी तरह उत्तराखंड सरकार के संबंधित विभाग द्वारा निर्धारित नियमों, संवैधानिक प्रावधानों एवं पारदर्शी चयन प्रक्रिया के तहत की गई है।नियुक्ति पत्र सरकार द्वारा जारी किए गए हैं।कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत सरकार के अधिकृत प्रतिनिधि हैं और उनके करकमलों से नियुक्ति पत्रों का औपचारिक वितरण करना पूर्णतः स्वाभाविक एवं परंपरागत प्रक्रिया है।कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों की उपस्थिति को लेकर अनावश्यक विवाद खड़ा करना केवल राजनीतिक नौटंकी है।विनीत बिष्ट ने कहा कि कांग्रेस को यह स्पष्ट करना चाहिए कि उसे आपत्ति नियुक्ति प्रक्रिया से है या फिर युवाओं को रोजगार मिलने से।जब राज्य के हजारों युवा पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से अपने सपनों को साकार कर रहे हैं,तब कांग्रेस उनकी खुशियों में शामिल होने के बजाय भ्रम और विवाद फैलाने का काम कर रही है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपने शासनकाल की उन भर्तियों का भी जवाब देना चाहिए,जो वर्षों तक लंबित रहीं या विवादों में घिरी रहीं। आज जब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार पारदर्शिता, सुशासन और भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती प्रक्रिया के लिए पूरे देश में पहचान बना रही है,तब कांग्रेस निराधार आरोप लगाकर अपनी राजनीतिक प्रासंगिकता बचाने का प्रयास कर रही है।नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट ने कहा कि भाजपा युवाओं के उज्ज्वल भविष्य,पारदर्शी शासन और विकास की राजनीति में विश्वास रखती है।कांग्रेस को चाहिए कि वह रोजगार जैसे संवेदनशील विषय पर ओछी राजनीति छोड़कर सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाए।उत्तराखंड की जनता तथ्यों से परिचित है और कांग्रेस के भ्रामक प्रचार का उचित जवाब देना जानती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *