अल्मोड़ा-जन औषधि केंद्र में अनियमितताओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने शनिवार को जिला अस्पताल स्थित प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र का औचक निरीक्षण किया।जन औषधि केंद्र में निर्धारित जेनेरिक दवाओं के स्थान पर अन्य ब्रांडेड दवाओं के विक्रय की शिकायत मिलने पर जिलाधिकारी बिना पूर्व सूचना के स्वयं मौके पर पहुंचे।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केंद्र में उपलब्ध सभी दवाओं का भौतिक सत्यापन कराया।उन्होंने निर्देश दिए कि केंद्र में उपलब्ध समस्त दवाओं की विस्तृत सूची तैयार की जाए तथा जन औषधि (जेनेरिक) एवं अन्य ब्रांडेड दवाओं की अलग-अलग सूची बनाकर उनकी उपलब्धता और खरीद संबंधी अभिलेखों का मिलान किया जाए। जिलाधिकारी के निर्देश पर ड्रग इंस्पेक्टर की उपस्थिति में केंद्र में उपलब्ध सभी दवाओं को जांच पूर्ण होने तक सील कर दिया गया। साथ ही दवाओं के स्टॉक, खरीद एवं वितरण से संबंधित अभिलेखों की भी जांच करने के निर्देश दिए गए ताकि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं तथ्यात्मक जांच सुनिश्चित की जा सके।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जन औषधि केंद्र के संचालन की वर्तमान व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को केंद्र के संचालन के लिए नए सिरे से टेंडर प्रक्रिया प्रारंभ करने के निर्देश दिए जिससे निर्धारित मानकों के अनुरूप पारदर्शी एवं प्रभावी व्यवस्था स्थापित की जा सके और भविष्य में इस प्रकार की शिकायतों की पुनरावृत्ति न हो।निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा तथा अस्पताल प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *