अल्मोड़ा-नगर निगम के सेलाखोला वार्ड में लगभग तीन माह पूर्व क्षतिग्रस्त होकर गिरी सुरक्षा दीवार के पुनर्निर्माण का कार्य आखिरकार प्रारंभ हो गया है। लंबे समय से स्थानीय लोगों द्वारा इस दीवार के निर्माण की मांग की जा रही थी,जिसके शुरू होने से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।वार्ड पार्षद वंदना वर्मा ने निर्माण कार्य शुरू होने पर जिलाधिकारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दीवार गिरने के बाद से क्षेत्र के लोगों को लगातार खतरे का सामना करना पड़ रहा था। बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो गई थी, जिससे लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई थी।उन्होंने कहा कि जनहित को देखते हुए इस समस्या को लगातार प्रशासन के समक्ष उठाया गया।जिलाधिकारी द्वारा मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश दिए गए, जिसके परिणामस्वरूप अब निर्माण कार्य प्रारंभ हो गया है।पार्षद वंदना वर्मा ने उम्मीद जताई कि निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाएगा,जिससे क्षेत्रवासियों को स्थायी राहत मिलेगी।उन्होंने प्रशासन के साथ-साथ संबंधित विभाग का भी सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।स्थानीय नागरिकों ने भी निर्माण कार्य शुरू होने पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि इससे न केवल दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी,बल्कि क्षेत्र की सुरक्षा और सुविधाओं में भी सुधार होगा।उन्होंने प्रशासन से निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *