अल्मोड़ा-देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल ने नगर के एक व्यापारी पर हुए हमले की निंदा करते हुए बाजार क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कोतवाल योगेश चंद्र उपाध्याय से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि बाजार क्षेत्र में व्यापारियों के साथ मारपीट की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे व्यापारियों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। उनका कहना था कि शाम ढलने के बाद बाजार में अराजक तत्वों की गतिविधियां बढ़ जाती हैं और व्यापारी खुद को असुरक्षित महसूस करते हैं। व्यापारियों ने बाजार क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने, असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई करने तथा हाल में व्यापारी पर हुए हमले के आरोपी के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की। कोतवाल योगेश चंद्र उपाध्याय ने व्यापारियों की समस्याएं सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई और बाजार क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की ओर से प्रभावी कदम उठाने का भरोसा दिया। ज्ञापन सौंपने वालों में देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष मनोज सिंह पवार, नगर अध्यक्ष संजय साह, दीप चंद्र जोशी, आनंद सिंह भोज, मनु गुप्ता, दिनेश कांडपाल, अमन टकवाल, अनिल वर्मा, सुधीर गुप्ता, परवेज कुरैशी, किशन सिंह मल्ला, राजदीप सिंह, दया सागर, मुर्शद अख्तर, शावेज खान, परवेज खान, मोहम्मद यामीन, अनश सहित अनेक व्यापारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *