


अल्मोड़ा-अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की अल्मोड़ा इकाई ने शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन लॉ विभाग से जुड़े छात्रहित के विभिन्न मुद्दों को लेकर डीन ऑफ लॉ से विस्तृत वार्ता की। परिषद ने विभाग की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर मांगें पूरी नहीं हुईं तो चरणबद्ध आंदोलन तेज किया जाएगा। वार्ता के दौरान परिषद ने लॉ विभाग की मान्यता के नवीनीकरण, शिक्षकों की कमी दूर करने, छात्राओं के लिए कॉमन रूम की व्यवस्था, जर्जर भवन के सुधारीकरण तथा विद्यार्थियों के लिए मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। एबीवीपी पदाधिकारियों ने इन सभी समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की। छात्र नेता रोहित कुमल्टा ने कहा कि यदि समय रहते विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो परिषद छात्रहित में एक सप्ताह बाद चरणबद्ध एवं व्यापक आंदोलन शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि इसकी पूरी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन और संबंधित विभाग की होगी। वार्ता के दौरान हिमांशु परगई, कृष्णा कार्की, सागर सांगा, अखिल बेरी, साहिल नेगी, गौरव जोशी, दयाल कोरंगा सहित एबीवीपी के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
