अल्मोड़ा-अल्मोड़ा नगर से सटे कर्नाटक खोला, सरकार की आली और रेलापाली क्षेत्र के लोगों के लिए वर्षों से प्रतीक्षित लिंक मोटर मार्ग का सपना अब साकार होता दिखाई दे रहा है। इस बहुप्रतीक्षित सड़क परियोजना की कटिंग का लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।निर्माण कार्य में तेजी आने से क्षेत्रवासियों में उत्साह और खुशी का माहौल है। लोगों का मानना है कि सड़क बनने के बाद उनके जीवन में बड़ा बदलाव आएगा और वर्षों से चली आ रही मूलभूत समस्याओं का समाधान होगा।पूर्व दर्जा मंत्री एवं भाजपा नेता बिट्टू कर्नाटक ने सड़क निर्माण कार्य की प्रगति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया।उन्होंने कहा कि वह वर्ष 2014 से वह लगातार इस लिंक मोटर मार्ग के निर्माण की मांग को अपने स्तर से उठाते रहे हैं। उन्होंने विभिन्न स्तरों पर इस सड़क की आवश्यकता को प्रमुखता से रखा और मुख्यमंत्री से भी क्षेत्रवासियों की भावनाओं से अवगत कराया। मुख्यमंत्री धामी ने उनकी मांग को ध्यान में रखते हुए जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इस लंबे समय से लंबित मांग को स्वीकृति प्रदान की,जिसके परिणामस्वरूप आज सड़क निर्माण तेजी से आगे बढ़ रहा है।बिट्टू कर्नाटक ने कहा कि यह सड़क केवल एक संपर्क मार्ग नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास की नई आधारशिला है।कर्नाटक खोला,सरकार की आली, रेलापाली और आसपास के कई गांवों एवं बस्तियों की बड़ी आबादी को इसका सीधा लाभ मिलेगा।सड़क बनने से लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी,वहीं शिक्षा, स्वास्थ्य,कृषि और रोजगार के क्षेत्र में भी नए अवसर खुलेंगे।उन्होंने बताया कि सड़क सुविधा के अभाव में क्षेत्रवासियों को वर्षों तक अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। विशेष रूप से बीमार, बुजुर्ग और गर्भवती महिलाओं को अस्पताल तक पहुंचाने के लिए कई बार डोली का सहारा लेना पड़ता था।बरसात के दिनों में हालात और भी गंभीर हो जाते थे जब कच्चे रास्तों पर चलना भी मुश्किल हो जाता था।कई बार समय पर उपचार न मिलने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।कर्नाटक ने कहा कि सड़क निर्माण पूर्ण होने के बाद क्षेत्र की तस्वीर पूरी तरह बदल जाएगी। किसान अपनी उपज आसानी से बाजार तक पहुंचा सकेंगे,विद्यार्थियों को विद्यालय और महाविद्यालय आने-जाने में सुविधा मिलेगी तथा आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ भी समय पर मिल सकेगा।इससे क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी नई गति मिलेगी।श्री कर्नाटक ने संबंधित विभाग से शेष निर्माण कार्य को भी शीघ्र पूरा करने का आग्रह करते हुए कहा कि गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जल्द ही यह सड़क जनता को समर्पित कर दी जाएगी, जिससे वर्षों से चली आ रही परेशानी का स्थायी समाधान हो सकेगा।क्षेत्रवासियों ने भी सड़क निर्माण कार्य में आई तेजी पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पूर्व दर्जा मंत्री बिट्टू कर्नाटक का आभार जताया।स्थानीय लोगों का कहना है कि कर्नाटक लंबे समय से इस सड़क की मांग को अपने स्तर से लगातार उठा रहे थे,आज क्षेत्रवासियों के सपने को पूरा कराने में बिट्टू कर्नाटक ने लगातार प्रयास किए। समस्त क्षेत्रवासियों का कहना है कि यह सड़क भविष्य में पूरे क्षेत्र के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगी और आने वाली पीढ़ियों को भी इसका लाभ मिलेगा।स्थानीय नागरिकों ने उम्मीद जताई कि सड़क निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा होगा और क्षेत्र के लोगों को बेहतर संपर्क,सुरक्षित आवागमन तथा विकास की नई संभावनाएं प्राप्त होंगी। यह परियोजना न केवल लोगों के जीवन को आसान बनाएगी, बल्कि अल्मोड़ा के इस क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इस अवसर पर कर्नाटक के साथ मुख्य रूप से हयात सिंह बिष्ट,कमलेश कर्नाटक, हिमांशु कनवाल, सुधीर कुमार ,दिनेश कुमार,आशु रौतेला,अमर बोरा, अभिषेक तिवारी,प्रकाश मेहता, अनिल जोशी सहित अनेकों क्षेत्रवासी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *