अल्मोड़ा-स्थानीय स्प्रिंगडेल स्कूल अल्मोड़ा में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए छात्र परिषद (स्टूडेंट काउंसिल) का भव्य शपथ ग्रहण और बैज अलंकरण समारोह शनिवार को अत्यंत उत्साह के साथ संपन्न हुआ।इस वर्ष विद्यालय के छात्रों ने तकनीकी और लोकतांत्रिक मिसाल पेश करते हुए खुद सॉफ्टवेयर के जरिए एक डिजिटल ईवीएम मशीन तैयार की जिसके माध्यम से पूरी मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराया गया।इस गरिमामयी कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी अल्मोड़ा के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज गुड्डू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में कांग्रेस प्रवक्ता निर्मल रावत भी मौजूद रहे।मुख्य अतिथि भूपेंद्र सिंह भोज ने नवनिर्वाचित छात्र नेताओं को बैज पहनाकर और दायित्व सौंपकर उनका उत्साहवर्धन किया।अपने संबोधन में उन्होंने लीडरशिप के जीवंत उदाहरण देते हुए कहा कि छात्र परिषद का काम केवल पद संभालना नहीं,बल्कि साथी छात्र-छात्राओं की समस्याओं को समझना और उन्हें सम्मानपूर्वक शिक्षकों व प्रबंधन के सामने रखकर उनका समाधान तलाशना है।विद्यालय की प्रधानाचार्य ज्योत्सना सोहनलाल ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए लोकतांत्रिक चुनावी प्रक्रिया के महत्व पर प्रकाश डाला।उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है और देश के विकास व नेतृत्व में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।हम स्कूल स्तर से ही इस चुनाव प्रणाली को इसलिए अपना रहे हैं ताकि बच्चे बचपन से ही लोकतंत्र की मूल भावना और अपने सही लीडर को चुनने की प्रक्रिया को व्यावहारिक रूप से समझ सकें।इस चुनावी प्रक्रिया में कक्षा 4 से लेकर कक्षा 12 वीं तक के प्रत्येक छात्र-छात्रा ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और डिजिटल ईवीएम के जरिए वोट डालकर लोकतंत्र के इस महापर्व को समझा।समारोह के दौरान स्कूल के एनसीसी कैडेट्स को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित व सराहनीय किया गया।इसके साथ ही विद्यालय की व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ बनाने के लिए शिक्षकों को भी विभिन्न महत्वपूर्ण पदों व जिम्मेदारियों से सुसज्जित किया गया ताकि वे विद्यालय के सर्वांगीण विकास में अपना योगदान दे सकें।पूरे कार्यक्रम का शानदार और मंच-सफल संचालन छात्रा इनीका और कैरवी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्य श्रीमती ज्योत्सना सोहनलाल ने मुख्य अतिथियों, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया और बच्चों को भविष्य में एक जिम्मेदार नागरिक बनने का प्रेरक संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *