

अल्मोड़ा-नगर निगम अल्मोड़ा की पार्षद वंदना वर्मा ने नगर की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उन्होंने शहर से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की है।
ज्ञापन में पार्षद वंदना वर्मा ने बताया कि मल्ला महल के पीछे स्थित सार्वजनिक मार्ग की सुरक्षा दीवार करीब दो माह पहले क्षतिग्रस्त हो चुकी है।यह मार्ग स्कूली बच्चों,बुजुर्गों एवं आम नागरिकों के आवागमन का प्रमुख रास्ता है।दीवार टूटने से मार्ग बाधित हो गया है और लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग द्वारा अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है जिससे किसी भी समय दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।उन्होंने जिलाधिकारी से शीघ्र मरम्मत कार्य कराने की मांग की।इसके अलावा ज्ञापन में अल्मोड़ा की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान नंदादेवी और अष्टभैरव मंदिरों का उल्लेख करते हुए कहा गया कि कई प्राचीन मंदिर जर्जर अवस्था में हैं।इनके संरक्षण एवं जीर्णोद्धार के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।साथ ही पर्यटन की दृष्टि से इन धार्मिक स्थलों के विकास हेतु पर्यटन विभाग को आवश्यक निर्देश जारी करने की भी मांग की गई।पार्षद वंदना वर्मा ने कहा कि नगर की इन समस्याओं का समय रहते समाधान किया जाना जनहित के साथ-साथ शहर की सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन विकास के लिए भी आवश्यक है।उन्होंने जिलाधिकारी से जनहित को देखते हुए दोनों मामलों में शीघ्र प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का अनुरोध किया।जिलाधिकारी ने जनहित में दीवार के अविलंब निर्माण के निर्देश तत्काल सम्बन्धित अधिकारियों को दिए। इसके साथ ही मंदिरों के जीर्णोद्धार से सम्बन्धित विषय पर जिलाधिकारी द्वारा शीघ्र ही एक बैठक रखकर चरण बद्ध तरीके से कार्यवाही की बात कही गई है।
