अल्मोड़ा-नगर निगम अल्मोड़ा के पार्षदों ने कर्बला-धारानौला रोड पर पार्किंग निर्माण की मांग को लेकर उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा को ज्ञापन भेजा है।ज्ञापन में कहा गया है कि कर्बला-धारानौला रोड अल्मोड़ा नगर का घनी आबादी वाला क्षेत्र है,जहां नगर की लगभग आधी आबादी निवास करती है।इसके बावजूद इस क्षेत्र में एक भी पार्किंग सुविधा उपलब्ध नहीं है,जिससे स्थानीय लोगों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।ज्ञापन में बताया गया कि सड़क किनारे वाहन खड़े होने से लगातार जाम की स्थिति बनी रहती है और यातायात बाधित होता है।पूर्व में भी क्षेत्र में पार्किंग निर्माण की मांग उठाई गई थी,लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।पार्षदों ने कहा कि कर्बला-धारानौला क्षेत्र में पार्किंग बनने से स्थानीय निवासियों,व्यापारियों और आम लोगों को बड़ी राहत मिलेगी, साथ ही यातायात व्यवस्था भी सुचारु होगी।पार्षदों ने कैबिनेट मंत्री से मांग की कि जनहित को देखते हुए कर्बला-धारानौला रोड पर शीघ्र पार्किंग निर्माण की स्वीकृति प्रदान की जाए।उन्होंने कहा कि इस संबंध में पूर्व में भी शासन-प्रशासन को कई बार ज्ञापन दिए जा चुके हैं लेकिन अभी तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है।ज्ञापन देने वालो में तल्ला ओढ़खोला के पार्षद दीपक कुमार के साथ पार्षद अंजू बिष्ट, विकास कुमार,नवीन चंद्र आर्य आदि शामिल रहे।उन्होंने सरकार से जल्द कार्रवाई कर क्षेत्रवासियों को पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *