

अल्मोड़ा-जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अल्मोड़ा द्वारा आयोजित वन महोत्सव सप्ताह के अंतर्गत मंगलवार को न्यू इंस्पेक्शन पब्लिक स्कूल अल्मोड़ा में विधिक जागरूकता शिविर एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।यह अभियान सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनामिका सिंह के निर्देशन में 1 जुलाई से 7 जुलाई तक चलाया गया। जिसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ विद्यार्थियों में कानूनी जागरूकता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना था।कार्यक्रम में अधिकार मित्र संदीप सिंह नयाल,पंकज भगत एवं दया आर्या ने विद्यार्थियों को वन अधिकार अधिनियम,पर्यावरण संरक्षण तथा वृक्षारोपण के महत्व की विस्तार से जानकारी दी।उन्होंने बताया कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी बेहतर उत्तरजीविता सुनिश्चित करना भी उतना ही आवश्यक है।इस दौरान पौधों की प्रजाति का चयन,स्थल की उपयुक्तता, पौध आपूर्ति,वैज्ञानिक रोपण विधि, रोपणोत्तर देखभाल,पौधों के बीच उचित दूरी,गड्ढों की तैयारी, वृक्ष रक्षकों का उपयोग, मल्चिंग,सिंचाई तथा सूख चुके पौधों के स्थान पर नए पौधे लगाने जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा की गईं।
वक्ताओं ने विद्यार्थियों को जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों,वनों की उपयोगिता, पौधों को चराई,आग एवं पानी की कमी से होने वाले नुकसान तथा उनकी सुरक्षा में सामुदायिक भागीदारी की आवश्यकता से भी अवगत कराया।उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं,बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक और सामाजिक दायित्व है।यदि प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले,तो हरित और स्वच्छ पर्यावरण का लक्ष्य आसानी से प्राप्त किया जा सकता है।कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों और विद्यालय परिवार ने परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ के तरुण तिवारी,काव्य तिवारी, राहुल जोशी,प्रकाश तिवारी, रश्मी,दीपक बिष्ट,दीपा बिष्ट, गुंजन जोशी,ममता,विधि मल्होत्रा सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।विद्यार्थियों ने भी पौधों की नियमित देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश समाज तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
