सोमेश्वर-उत्तराखण्ड कांग्रेस की ओर से निकाली जा रही परिवर्तन संकल्प यात्रा के तहत मंगलवार को सोमेश्वर में विशाल जनसभा एवं संगठनात्मक बैठक का आयोजन किया गया। सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करण महरा ने कहा कि परिवर्तन संकल्प यात्रा केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता के दुख-दर्द, युवाओं की पीड़ा, महिलाओं की सुरक्षा, किसानों की समस्याओं और आम नागरिकों के अधिकारों की लड़ाई का जनआंदोलन है। उन्होंने कहा कि यात्रा के माध्यम से कांग्रेस प्रदेश के प्रत्येक जिले,विधानसभा और गांव तक पहुंचकर जनता की आवाज को मजबूती प्रदान कर रही है।करण महरा ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तराखण्ड की जनता आज महंगाई,बेरोजगारी,भ्रष्टाचार, भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक, महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध और बिगड़ती कानून व्यवस्था जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रही है,लेकिन सरकार इन मुद्दों पर गंभीरता से काम करने के बजाय केवल प्रचार-प्रसार में व्यस्त है।उन्होंने कहा कि जनता परिवर्तन चाहती है और कांग्रेस इसी जनभावना को लेकर प्रदेशभर में अभियान चला रही है।उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम परिवारों की आर्थिक स्थिति को कमजोर कर दिया है। रसोई गैस,पेट्रोल-डीजल,खाद्य सामग्री तथा दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कीमतों में लगातार वृद्धि सेगरीब,मजदूर,किसान, कर्मचारी और मध्यम वर्ग के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।उन्होंने कहा कि लोगों की बचत समाप्त होती जा रही है और आम जनता का जीवन कठिन होता जा रहा है।पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि लाखों शिक्षित युवा रोजगार की प्रतीक्षा कर रहे हैं,जबकि विभिन्न विभागों में हजारों पद रिक्त पड़े हैं।भर्ती प्रक्रियाओं में लगातार हो रही देरी और पारदर्शिता के अभाव ने युवाओं में निराशा और असंतोष पैदा कर दिया है।उन्होंने भर्ती परीक्षाओं में सामने आए पेपर लीक मामलों को युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय बताते हुए कहा कि वर्षों की मेहनत और परिवारों की उम्मीदों को भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा दिया गया।उन्होंने दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि युवाओं का व्यवस्था पर विश्वास बहाल किया जाना आवश्यक है।करण महरा ने हाल ही में राम मंदिर परिसर में हुई चोरी की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि इस घटना से करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं।धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है तथा घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को सख्त सजा मिलनी चाहिए।महिलाओं की सुरक्षा पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड सदैव महिलाओं के सम्मान और गरिमा के लिए जानी जाती रही है लेकिन प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ बढ़ती घटनाएं चिंता का विषय हैं।उन्होंने कहा कि मातृशक्ति की सुरक्षा,सम्मान और न्याय सुनिश्चित करना किसी भी संवेदनशील सरकार का पहला दायित्व होना चाहिए।सभा को संबोधित करते हुए पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने कहा कि परिवर्तन संकल्प यात्रा प्रदेश के प्रत्येक जिले,विधानसभा और गांव तक पहुंचकर जनता की आवाज को मजबूत करने का कार्य कर रही है।उन्होंने कहा कि यह यात्रा किसानों, युवाओं,महिलाओं, कर्मचारियों,व्यापारियों तथा समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़ने का अभियान है और प्रदेश में जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने का माध्यम बनेगी।कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष करती रहेगी और जनहित,पारदर्शिता, जवाबदेही तथा विकास आधारित शासन व्यवस्था स्थापित करने के लिए संकल्पबद्ध है।उन्होंने प्रदेशवासियों से परिवर्तन संकल्प यात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि जनता के सहयोग से प्रदेश में परिवर्तन लाया जाएगा तथा भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर किया जाएगा।कार्यक्रम में पूर्व प्रमुख रमेश भाकुनी, ब्लॉक अध्यक्ष शिवराज नयाल, राजू भट्ट,बहादुर मेहता,राजेन्द्र बिष्ट,रमेश भंडारी,जिला पंचायत सदस्य कुंदन भंडारी, संतोष कुमार,निशा कनवाल, भुवन दोसाद,आनंद बिष्ट, नारायण दत्त पांडे,निर्मल रावत, गजेंद्र फर्त्याल,नवीन कोहली, कमल बिष्ट,रंजीत नयाल, ललित मेहता,गोपाल कनवाल, दिनेश पिलखवाल सहित कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे। जनसभा में परिवर्तन संकल्प यात्रा को व्यापक जनसमर्थन मिलने का दावा करते हुए कांग्रेस नेताओं ने प्रदेशभर में इस अभियान को और तेज करने का संकल्प दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *