

अल्मोड़ा-नगर निगम अल्मोड़ा के नंदा देवी वार्ड के पार्षद अर्जुन सिंह बिष्ट चीमा द्वारा वार्ड को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।इसी क्रम में आज वार्ड के अन्तर्गत धारानौला मार्ग,धारानौला रोड, गोपालधारा एवं उप्रेती खोला मोहल्लों में घर-घर जाकर नागरिकों को दो-दो कूड़ेदान वितरित किए गए।इस अवसर पर पार्षद अर्जुन सिंह बिष्ट ने स्थानीय लोगों से अपील करते हुए कहा कि नगर निगम द्वारा दिए गए दोनों कूड़ेदानों का सही उपयोग करें।उन्होंने बताया कि एक कूड़ेदान में गीला कचरा तथा दूसरे में सूखा कचरा अलग-अलग एकत्रित करें और नगर निगम के पर्यावरण मित्रों को ही सौंपें।इससे कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण होगा,मोहल्लों में गंदगी नहीं फैलेगी और स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण का निर्माण होगा।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है।यदि सभी लोग कचरे का पृथक्करण कर सहयोग करेंगे,तो नंदा देवी वार्ड स्वच्छता के क्षेत्र में एक आदर्श वार्ड के रूप में स्थापित होगा।
स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए नगर निगम मेयर अजय वर्मा एवं पार्षद अर्जुन सिंह बिष्ट का आभार व्यक्त किया और स्वच्छता अभियान में पूर्ण सहयोग देने का संकल्प लिया।
