अल्मोड़ा-अल्मोड़ा नगर की विभिन्न जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की मांग को लेकर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा को एक ज्ञापन सौंपा गया।ज्ञापन में नगर के विकास एवं आमजन से जुड़े चार महत्वपूर्ण मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई करते हुए आवश्यक बजट और प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान करने की मांग की गई।ज्ञापन में कहा गया कि करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित सीवर ट्रीटमेंट प्लांट पिछले लगभग दो वर्षों से बंद पड़ा है,क्योंकि नगर में सीवर लाइन एवं पाइप बिछाने का कार्य अभी तक पूरा नहीं हो सका है।इससे सरकारी धन का समुचित उपयोग नहीं हो पा रहा है।मांग की गई कि सीवर लाइन का कार्य युद्धस्तर पर पूरा कराकर सीवर ट्रीटमेंट प्लांट को तत्काल संचालित किया जाए।इसके अलावा अल्मोड़ा नगर के विकास कार्यों के लिए शासन को भेजे गए लगभग 7.30 करोड़ रुपये के अवस्थापना प्रस्ताव को शीघ्र स्वीकृति देकर धनराशि अवमुक्त करने की मांग की गई।ज्ञापन में कहा गया कि बजट के अभाव में नगर के कई आवश्यक विकास एवं निर्माण कार्य लंबे समय से रुके हुए हैं।ज्ञापन में नगर में बढ़ते बंदरों के आतंक को भी गंभीर समस्या बताते हुए इसके स्थायी समाधान के लिए विशेष बजट और प्रभावी कार्ययोजना लागू करने की मांग की गई।कहा गया कि आए दिन महिलाएं,बच्चे और बुजुर्ग बंदरों के हमलों का शिकार हो रहे हैं,जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।
इसके साथ ही निराश्रित गोवंश की बढ़ती संख्या पर चिंता व्यक्त करते हुए नगर में कम से कम तीन से चार नए गौसदनों (गौशालाओं) के निर्माण के लिए विशेष बजट स्वीकृत करने की मांग उठाई गई।ज्ञापन में कहा गया कि आवारा गोवंश के कारण सड़क दुर्घटनाओं और यातायात बाधित होने जैसी समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं।ज्ञापन के माध्यम से कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा से अनुरोध किया गया कि नगरहित से जुड़े इन सभी मुद्दों पर प्राथमिकता के आधार पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि अल्मोड़ा नगर की जनता को लंबे समय से चली आ रही इन समस्याओं से राहत मिल सके।ज्ञापन सौंपने वालो में पार्षद वैभव पांडे,पार्षद प्रदीप कुमार,पार्षद दीपक कुमार,पार्षद अंजू बिष्ट,पार्षद नवीन आर्य,पार्षद विकास कुमार,पार्षद कुलदीप मेर आदि शामिल रहे।
