अल्मोड़ा-उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) की अल्मोड़ा इकाई ने नगरवासियों को जल बिल व्यवस्था में राहत दिलाने के उद्देश्य से हर घर में जल मीटर-हर परिवार को पारदर्शी और न्यायपूर्ण जल बिल अभियान शुरू करने की घोषणा की है।यह अभियान आगामी 6 जुलाई से पूरे नगर में चलाया जाएगा।इसके तहत यूकेडी कार्यकर्ता प्रत्येक वार्ड और घर-घर जाकर लोगों को वर्तमान जल बिल व्यवस्था के प्रति जागरूक करेंगे तथा सरकार से प्रत्येक घर में जल मीटर लगाए जाने की मांग को लेकर जनसमर्थन जुटाएंगे।शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में यूकेडी नेता विनय किरौला ने कहा कि वर्तमान व्यवस्था के तहत जल संस्थान नगर पालिका और नगर निगम क्षेत्रों में मकानों के क्षेत्रफल के आधार पर पानी का बिल जारी करता है जो पूरी तरह अन्यायपूर्ण है। उन्होंने कहा कि किसी भी परिवार से उसके वास्तविक जल उपभोग के बजाय मकान के आकार के अनुसार बिल वसूलना आम जनता की जेब पर सीधा बोझ है।उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि कई बड़े मकानों में केवल दो बुजुर्ग सदस्य रहते हैं,जिनकी पानी की खपत बेहद कम होती है,लेकिन उन्हें भी बड़े क्षेत्रफल के कारण अधिक बिल देना पड़ता है।यदि प्रत्येक घर में जल मीटर लगाए जाएं तो उपभोक्ताओं को केवल उतने ही पानी का बिल देना होगा जितना उन्होंने वास्तव में उपयोग किया है।यूकेडी के केंद्रीय संयुक्त सचिव त्रिलोक लटवाल ने कहा कि पार्टी इस अभियान के माध्यम से अल्मोड़ा नगर के प्रत्येक वार्ड में जाकर लोगों को इस मुद्दे पर संगठित करेगी।उन्होंने कहा कि जल उपभोग के आधार पर बिलिंग व्यवस्था लागू कराना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है और सरकार को शीघ्र ही इस दिशा में ठोस नीति बनानी चाहिए। जिलाध्यक्ष दिनेश जोशी ने बताया कि अभियान की औपचारिक शुरुआत सोमवार 6 जुलाई को सुबह 11 बजे चौघानपाटा (बाटा के समीप) से हस्ताक्षर अभियान के साथ की जाएगी।उन्होंने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में लोग इस जनअभियान से जुड़ें,ताकि सरकार पर प्रत्येक घर में जल मीटर लगाने और पारदर्शी एवं न्यायसंगत जल बिल व्यवस्था लागू करने के लिए प्रभावी दबाव बनाया जा सके।यूकेडी नेताओं ने कहा कि जल जैसी मूलभूत आवश्यकता पर पारदर्शी व्यवस्था लागू होना समय की मांग है।पार्टी का मानना है कि जल मीटर आधारित बिलिंग प्रणाली लागू होने से उपभोक्ताओं को राहत मिलने के साथ-साथ पानी के संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा तथा जल के अनावश्यक दुरुपयोग पर भी प्रभावी नियंत्रण हो सकेगा।प्रेस वार्ता में यूकेडी के जिलाध्यक्ष दिनेश जोशी,महामंत्री देवेश जोशी, केंद्रीय संयुक्त सचिव त्रिलोक लटवाल,यूकेडी नेता विनय किरौला,पान सिंह लटवाल, सुजीत टम्टा तथा अक्षय टम्टा सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
