अल्मोड़ा-जिले के लमगड़ा क्षेत्र में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा ग्राम बलिया-बैगनिया मोटर मार्ग पर उस समय हुआ, जब एक अल्टो कार (संख्या UK04Z-5819) अनियंत्रित होकर लगभग 20 से 25 फीट गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना के समय वाहन में कुल छह लोग सवार थे।घटना की सूचना मिलते ही लमगड़ा थानाध्यक्ष प्रमोद पाठक पुलिस टीम और रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने सभी घायलों को खाई से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, लमगड़ा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल दो लोगों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी लोग ग्राम विशौद बैगनिया से अपने गांव बलिया लौट रहे थे। इसी दौरान वाहन चालक का संतुलन बिगड़ने से कार सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।दुर्घटना में घायल होने वालों में गोपाल सिंह (45 वर्ष) पुत्र खीम सिंह तथा सचिन सिंह बिलवाल (18 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय राजेंद्र सिंह बिलवाल, निवासी ग्राम बलिया, थाना लमगड़ा शामिल हैं। दोनों का उपचार जारी है।हादसे में राजेंद्र सिंह बिलवाल (40 वर्ष) पुत्र नारायण सिंह, जगदीश सिंह (35 वर्ष) पुत्र लछम सिंह, लछम सिंह (56 वर्ष) पुत्र प्रताप सिंह तथा पान सिंह (55 वर्ष) पुत्र विशन सिंह, सभी निवासी ग्राम बलिया, थाना लमगड़ा, की दुखद मृत्यु हो गई।पुलिस ने सभी मृतकों के शवों का पंचायतनामा भरने की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस हृदयविदारक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम करने और दुर्घटना के कारणों की गहन जांच की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *