

अल्मोड़ा-रानीखेत कोतवाली क्षेत्र के सोनी बिनसर के पास एक कार अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में वाहन सवार दो लोगों की मौत हो गई।
जिला नियंत्रण कक्ष से सूचना मिलने पर एसडीआरएफ की भिकियासैंण टीम उपनिरीक्षक पुष्कर जीना के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बताया जा रहा है कि दुर्घटना सोमवार रात हुई। वाहन में दो ही लोग सवार थे, जिनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।एसडीआरएफ जवानों ने विषम परिस्थितियों के बीच रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों शवों को गहरी खाई से बाहर निकाला। इसके बाद शवों को आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस के अनुसार मृतकों में एक की पहचान जीवन चंद्र जोशी निवासी हल्द्वानी के रूप में हुई है, जबकि दूसरे मृतक की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
