

अल्मोड़ा-कुमाऊं महोत्सव 2026 के तृतीय दिवस एवं स्टार नाइट के द्वितीय दिवस का आयोजन सोमवार को उत्साह, संस्कृति और लोकसंगीत के रंगों के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों, युवाओं एवं संस्कृति प्रेमियों ने प्रतिभाग कर आयोजन को यादगार बना दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गवर्नमेंट इंटर कॉलेज के वाइस प्रिंसिपल गोविंद सिंह रावत रहे। उनके साथ कुमाऊं महोत्सव समिति के अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी, शमशाद पिथौरागढ़ी, मार्गदर्शक मुराद खान, उपसचिव अनिरुद्ध पांडे सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।कार्यक्रम का शुभारंभ ओपन माइक प्रतियोगिता की फाइनल प्रस्तुतियों के साथ हुआ। प्रतिभागियों ने गायन,कविता, अभिनय और अन्य रचनात्मक विधाओं में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम,द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को महोत्सव के अंतिम दिवस सम्मानित किया जाएगा।इसके साथ ही रनर-अप एवं अन्य प्रतिभागियों को भी प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।स्टार नाइट का मुख्य आकर्षण उत्तराखंड के लोकप्रिय लोकगायक एवं कान में डबल झुमका फेम जितेंद्र तोमक्याल रहे।मंच पर पहुंचते ही दर्शकों ने जोरदार तालियों के साथ उनका स्वागत किया।उन्होंने अपने प्रसिद्ध गीत पानी पीलै दे पनेरा, हाथ पैरली घड़ी ला और कान में डबल झुमका सहित कई लोकप्रिय कुमाऊंनी गीतों की प्रस्तुति देकर समूचे माहौल को लोकसंगीत के रंग में रंग दिया।उनके गीतों पर युवा, महिलाएं और बुजुर्ग देर रात तक झूमते नजर आए।कार्यक्रम में प्रसिद्ध कुमाऊंनी गीत कोरियोग्राफर एवं कलाकार अंशुल गुरुंग ने भी अपनी आकर्षक नृत्य प्रस्तुति से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। उनकी प्रस्तुति को उपस्थित लोगों ने खूब सराहा और तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को भी सम्मानित किया गया।महोत्सव समिति द्वारा शमशाद पिथौरागढ़ी,चंदन नेगी एवं संदीप नयाल को स्मृति चिन्ह एवं सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया।आयोजकों ने कहा कि समाज और संस्कृति के क्षेत्र में योगदान देने वाले लोगों का सम्मान करना महोत्सव की परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।मुख्य अतिथि गोविंद सिंह रावत ने अपने संबोधन में कहा कि कुमाऊं महोत्सव केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं बल्कि क्षेत्र की समृद्ध लोक संस्कृति,परंपराओं और प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।उन्होंने युवाओं से अपनी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने और लोक कला के प्रति जुड़ाव बनाए रखने का आह्वान किया।महोत्सव अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी ने सभी अतिथियों, कलाकारों और दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कुमाऊं महोत्सव लगातार क्षेत्रीय संस्कृति को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि आगामी कार्यक्रमों में भी विभिन्न सांस्कृतिक, सामाजिक एवं मनोरंजक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी।लोकसंगीत, नृत्य, सम्मान समारोह और प्रतिभाओं की शानदार प्रस्तुतियों के साथ कुमाऊं महोत्सव 2026 की स्टार नाइट का द्वितीय दिवस सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी आगंतुकों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए आगामी आयोजनों में भी अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता की अपील की।
