

अल्मोड़ा-उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशानुसार तथा जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अल्मोड़ा श्रीकांत पाण्डेय के मार्गदर्शन में सोमवार को सुरक्षित दवा-सुरक्षित जीवन अभियान के अंतर्गत बेस अस्पताल अल्मोड़ा एवं उसके आसपास संचालित विभिन्न मेडिकल स्टोरों का संयुक्त औचक निरीक्षण किया गया।निरीक्षण जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती अनामिका सिंह एवं ड्रग इंस्पेक्टर पूजा जोशी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।इस दौरान मेडिकल स्टोरों में उपलब्ध दवाइयों की गुणवत्ता, एक्सपायरी दवाओं के रख-रखाव,लाइसेंस संबंधी अभिलेखों तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जांच की गई।निरीक्षण के दौरान कई मेडिकल स्टोरों में अनियमितताएं पाई गईं।टीम को कुछ स्थानों पर एक्सपायरी दवाएं मिलीं, जबकि कई मेडिकल स्टोरों में साफ-सफाई की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं पाई गई।इसके अलावा कुछ प्रतिष्ठानों में पंजीकृत फार्मासिस्ट निरीक्षण के समय अनुपस्थित मिले जो औषधि नियमों का उल्लंघन माना जाता है।मिली अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित मेडिकल स्टोर संचालकों को सात दिन के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समयावधि में संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किए जाने पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।निरीक्षण के दौरान मेडिकल स्टोर संचालकों को औषधि नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश भी दिए गए। उन्हें नियमानुसार कैश मेमो संधारित करने,एक्सपायरी दवाओं के लिए अलग से लेबलयुक्त एक्सपायरी बॉक्स बनाने,प्रत्येक ग्राहक को खरीद का बिल उपलब्ध कराने तथा एक्सपायरी दवाओं के सुरक्षित एवं पृथक रख-रखाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।इसके साथ ही मेडिकल स्टोरों में स्वच्छता बनाए रखने,आवश्यक अभिलेखों को अद्यतन रखने तथा पंजीकृत फार्मासिस्ट की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि जनस्वास्थ्य से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भविष्य में भी इस प्रकार के निरीक्षण अभियान जारी रहेंगे।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से कहा गया कि सुरक्षित दवा-सुरक्षित जीवन अभियान का उद्देश्य आम जनता को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराना तथा दवा विक्रय प्रतिष्ठानों में निर्धारित मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करना है।अभियान के तहत जिले में समय-समय पर जागरूकता कार्यक्रमों के साथ निरीक्षण अभियान भी संचालित किए जाएंगे।
