जागेश्वर- उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह अपने धार्मिक प्रवास के दौरान गुरुवार को जागेश्वर धाम पहुंचे।इससे पूर्व उन्होंने प्रसिद्ध चितई गोलू देवता मंदिर तथा वृद्ध जागेश्वर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।जागेश्वर धाम पहुंचने पर राज्यपाल का पारंपरिक रूप से स्वागत किया गया।इस दौरान धाम के मुख्य पुजारी महामंडलेश्वर कैलाशनानंद महाराज,पंडित लक्ष्मी दत्त भट्ट,आचार्य ललित भट्ट,आचार्य तारा भट्ट,आचार्य निर्मल भट्ट, आचार्य हंशादत्त भट्ट सहित 11 अन्य आचार्य पुरोहितो ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ विशेष पूजा-अर्चना संपन्न कराई।राज्यपाल ने भगवान जागेश्वर के समक्ष प्रदेशवासियों के कल्याण,शांति एवं समृद्धि के लिए प्रार्थना की।अपने भ्रमण के दौरान राज्यपाल ने जागेश्वर धाम की ऐतिहासिक,धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत की सराहना करते हुए इसे उत्तराखंड की अमूल्य धरोहर बताया।उन्होंने मंदिर परिसर एवं क्षेत्र की व्यवस्थाओं की जानकारी भी प्राप्त की।पूजा-अर्चना एवं दर्शन कार्यक्रम के उपरांत राज्यपाल ने जागेश्वर धाम में ही रात्रि विश्राम किया। उनके आगमन से क्षेत्र में उत्साह का वातावरण रहा तथा श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों में विशेष उत्सुकता देखने को मिली।राज्यपाल के इस दौरे को जागेश्वर धाम की धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक प्रतिष्ठित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *