अल्मोड़ा-जोहरी बाजार में पिछले 37 दिनों से आयोजित स्वर्गीय भगवती प्रसाद लुबियाल स्मृति ओपन प्राइज मनी कैरम प्रतियोगिता अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गई है। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला शुक्रवार को खेला जाएगा, जिसे लेकर खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।आयोजन समिति के अनुसार फाइनल दिवस पर पहला मुकाबला डबल्स वर्ग में राजेश एवं फिरोज़ की जोड़ी तथा दीपक एवं मोनू की जोड़ी के बीच प्रातः 11 बजे से खेला जाएगा। इसके बाद एकल वर्ग का फाइनल मुकाबला राजेश और मोनू के बीच दोपहर 3 बजे से आयोजित होगा।समिति ने बताया कि प्रतियोगिता में नगर सहित आसपास के क्षेत्रों के खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन एवं प्रतिस्पर्धात्मक खेल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिससे प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न होने की ओर अग्रसर है।आयोजकों ने नगरवासियों एवं खेल प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने तथा फाइनल मुकाबलों का आनंद लेने की अपील की है।
