
अल्मोड़ा-भारतीय जनता पार्टी नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट ने प्रेस को जारी बयान में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज हुए हैं।यह कालखंड केवल एक सरकार के कार्यकाल का नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण,जनविश्वास, निर्णायक नेतृत्व और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में हुए अभूतपूर्व प्रयासों का प्रतीक है।विनीत बिष्ट ने कहा कि वर्ष 2014 में जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की बागडोर संभाली तब देश अनेक चुनौतियों का सामना कर रहा था।बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास,सुशासन,आत्मनिर्भर, राष्ट्रीय सुरक्षा,सामाजिक न्याय और जनकल्याण के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सरकार ने समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना,आयुष्मान भारत,प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि,जल जीवन मिशन,स्वच्छ भारत मिशन तथा जनधन योजना जैसी अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य किया है।गरीब,किसान, महिला,युवा,मजदूर एवं मध्यम वर्ग आज विकास की मुख्यधारा से जुड़कर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है।नगर अध्यक्ष ने कहा कि आज भारत विश्व मंच पर एक मजबूत और प्रभावशाली राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है।भारत की विदेश नीति,आर्थिक प्रगति, डिजिटल क्रांति,आधारभूत संरचना के विस्तार तथा आत्मनिर्भर भारत अभियान ने देश को नई दिशा प्रदान की है। सड़क,रेल,हवाई और डिजिटल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में हुए ऐतिहासिक कार्यों ने देश के विकास को नई गति दी है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक संकटों के दौरान भी अपनी क्षमता और नेतृत्व का परिचय दिया है।आज विश्व भारत की ओर आशा और विश्वास के साथ देख रहा है। भारत दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा चुका है और विकसित भारत-2047 के लक्ष्य की ओर तेजी से अग्रसर है।विनीत बिष्ट ने कहा कि ये 12 वर्ष केवल उपलब्धियों का विवरण नहीं हैं, बल्कि नए भारत के निर्माण की सतत यात्रा हैं।प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व, करोड़ों देशवासियों के विश्वास तथा जनभागीदारी ने इस यात्रा को जन-आंदोलन का स्वरूप प्रदान किया है।भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता सेवा, सुशासन और राष्ट्र प्रथम के संकल्प के साथ विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपना योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध है।उन्होंने देशवासियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सुशासन के 12 वर्ष पूर्ण होने पर शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में भारत विश्व की अग्रणी शक्ति के रूप में और अधिक सशक्त होकर उभरेगा।
