अल्मोड़ा-भारतीय जनता युवा मोर्चा उत्तराखंड के प्रदेश प्रवक्ता नमन गुरुरानी ने अल्मोड़ा स्थित एसएसजे परिसर में प्रस्तावित कांग्रेस के राजनीतिक कार्यक्रम को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि जिस समय छात्र-छात्राएं अपनी परीक्षाओं की तैयारी एवं परीक्षा प्रक्रिया में व्यस्त हैं उस समय शैक्षणिक परिसर में राजनीतिक गतिविधियां आयोजित करना छात्रों के हितों के विपरीत है।
उन्होंने कहा कि एसएसजे परिसर प्रदेश का एक प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान है जहां हजारों विद्यार्थियों का भविष्य उनकी शिक्षा एवं परीक्षाओं से जुड़ा हुआ है।ऐसे समय में राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित करने का प्रयास शिक्षा के वातावरण को प्रभावित कर सकता है तथा छात्रों को अनावश्यक असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
नमन गुरुरानी ने कहा कि कांग्रेस अपनी राजनीतिक जमीन तलाशने के लिए छात्रों के भविष्य को दांव पर लगाने का कार्य कर रही है।जिस समय विद्यार्थियों को शांत एवं अनुकूल शैक्षणिक वातावरण की आवश्यकता है उस समय राजनीतिक भीड़ जुटाने का प्रयास कांग्रेस की छात्र विरोधी मानसिकता को दर्शाता है।उन्होंने कहा कि शिक्षा के मंदिरों को राजनीतिक मंच बनाने की परंपरा लोकतांत्रिक मूल्यों और शैक्षणिक गरिमा दोनों के लिए उचित नहीं है।छात्रों के भविष्य और शिक्षा से जुड़े विषयों को राजनीति से ऊपर रखा जाना चाहिए।प्रदेश प्रवक्ता ने जिला प्रशासन एवं विश्वविद्यालय प्रशासन से आग्रह किया कि छात्रों के हितों,परीक्षा व्यवस्था एवं परिसर की शैक्षणिक गरिमा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उचित निर्णय लिया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *