अल्मोड़ा-लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी की आगामी 4 जून को अल्मोड़ा के सिमकनी मैदान में प्रस्तावित जनसभा की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।जनसभा को सफल एवं ऐतिहासिक बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को कांग्रेस नेताओं ने सिमकनी मैदान का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान उत्तराखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी,विधायक हरीश धामी, पूर्व विधायक रणजीत रावत सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।नेताओं ने जनसभा स्थल पर मंच निर्माण,बैठक व्यवस्था,पार्किंग,पेयजल, सुरक्षा तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया और आयोजन से जुड़े जिम्मेदार पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि राहुल गांधी का अल्मोड़ा आगमन प्रदेश कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए उत्साह और नई ऊर्जा का अवसर है। उन्होंने कहा कि जनसभा को सफल बनाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं तथा अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी ने कहा कि राहुल गांधी की जनसभा को लेकर कार्यकर्ताओं और आम जनता में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।उन्होंने विश्वास जताया कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में शामिल होंगे और जनसभा ऐतिहासिक साबित होगी।विधायक हरीश धामी ने कहा कि राहुल गांधी की यह जनसभा केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं बल्कि जनता की आवाज को बुलंद करने का मंच होगी।उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस अवसर पर प्रदेश और क्षेत्र से जुड़े जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी।कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि 4 जून को सिमकनी मैदान में होने वाली जनसभा में भारी जनसमूह जुटेगा और यह कार्यक्रम प्रदेश की राजनीति में एक महत्वपूर्ण संदेश देने का कार्य करेगा।उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से जनसभा को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया।स्थलीय निरीक्षण के दौरान नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य,विधायक मनोज तिवारी, जिलाध्यक्ष भूपेंद्र भोज, विधायक हरीश धामी,पूर्व विधायक रणजीत रावत,पार्षद वैभव पांडे,पार्षद दीपक कुमार, तारु तिवारी सहित कांग्रेस के दर्जनों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *