अल्मोड़ा-26 मई को तीनों काले कानूनों को लेकर प्रदर्शन कर रहे किसान संगठनों को केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए 6 महीने पूरे हो जाएंगे।इस दौरान कई किसान अपने मांगों को लेकर प्रदर्शन करते रहे और इस दौरान कई किसानों ने शहादत भी दी।आज 26मई को इस प्रदर्शन के 6 महीने पूरे होने पर किसानों और उनके संगठन ने इस मौके को काले दिवस के तौर पर मनाने का फैसला लिया।जिसको लेकर आप संगठन मंत्री मनोज गुप्ता ने कहा कि आम आदमी पार्टी शुरू से किसानों के समर्थन में खड़ी है और कल किसानों के काले दिवस के दौरान उनको समर्थन दिया।इसके अलावा आप कार्यकर्ता किसानों के समर्थन और काले दिवस पर अपने घरों में काले झंडे लगा कर और अपनी बाह पर काली पट्टी बांधकर किसानों का समर्थन और केंद्र सरकार का विरोध किया।आप संगठन मंत्री मनोज गुप्ता ने कहा कि केंद्र सरकार ने किसानों के उपर जबरदस्ती काले कानून थोप कर किसानों को कमजोर करने का काम किया है जबकि किसान लगभग पिछले 6 महीनों से अपनी मांगो को लेकर प्रदर्शन पर हैं लेकिन केंद्र सरकार के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी। इसलिए आज 26 मई को किसानों को केंद्र सरकार के तानाशाही रवैए के खिलाफ काला दिवस मनाने पर मजबूर होना पड़ा जिसका आम आदमी पार्टी पूरी तरह से समर्थन करती है।प्रदेश में आप कार्यकर्ता किसानों के साथ इस लड़ाई में कंधे से कंधा मिला कर साथ थे और साथ खड़े रहेंगे।इस दौरान आम आदमी पार्टी अल्मोडा के पूर्व जिला मीडिया प्रभारी और 2017 में अल्मोड़ा से निर्दलीय चुनाव लड़ चुके भुवन चन्द्र जोशी ने केन्द्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र किसानों को बड़े बड़े उद्योगपतियों के हाथों की कठपुतली बनाने पर तुली है जिसका किसान विरोध कर रहे हैं।उन्होंने कहा केंद्र सरकार भी इन्हीं उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने के मकसद से इन तीन काले कानूनों को किसानों पर थोपना चाहती जिसे आम आदमी पार्टी किसी भी हाल में सफल नहीं होने देगी।आप का एक एक कार्यकर्ता किसानों के साथ इस आंदोलन में खड़ा है और रहेगा।भुवन जोशी ने कहा कि केन्द्र सरकार ये जान ले कि वो अपने इरादों पर कभी कामयाब नहीं हो पाएगी।ना तो किसान केन्द्र सरकार के तीनों बिलों के आगे झुकेंगे और ना ही आप पार्टी किसानों के समर्थन से पीछे हटेगी।जब तक सरकार तीनों बिल वापस नहीं ले लेती तब तक आप पार्टी का किसानों और उनके संगठनों को हर तौर पर समर्थन जारी रहेगा।इस मौके पर भुवन जोशी,योगेंद्र अधिकारी, विजय चौधरी,संजय तिवारी,मोहन भट्ट,गोपाल,पंकज कुमार,आशीष कुमार आदि मौजूद रहे।